गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले I4C ने WhatsApp Web यूजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है। अगर किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉग इन रह जाता है तो कोई आपकी निजी चैट पढ़ सकता है और आपके नाम से ठगी भी कर सकता है। जानिए I4C ने अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए कौन-सी सावधानियां बताई हैं?
Cyber Security: WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय जरा सी लापरवाही आपकी निजी बातचीत को दूसरों के सामने खोल सकती है। अगर आपने किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन किया और काम खत्म होने के बाद लॉगआउट करना भूल गए, तो आपकी निजी चैट और दूसरी जानकारियां खतरे में पड़ सकती हैं।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली यह एजेंसी लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है।
एडवाइजरी के मुताबिक, अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर आपका WhatsApp Web लॉगिन रह जाता है, तो वहां मौजूद व्यक्ति आपकी निजी चैट पढ़ सकता है। वह आपके कॉन्टैक्ट और ग्रुप की जानकारी भी देख सकता है। इतना ही नहीं, आपके अकाउंट से मैसेज भेजकर आपके दोस्तों और रिश्तेदारों को पैसे के नाम पर धोखा देने की कोशिश भी की जा सकती है।
इससे बचने के लिए सार्वजनिक या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचें। अगर इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो काम पूरा होते ही अकाउंट से लॉगआउट जरूर करें। केवल ब्राउजर की विंडो बंद कर देना काफी नहीं है। जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद कंप्यूटर में Incognito या Private मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इसके बाद भी लॉगआउट करना जरूरी है।
इसके अलावा अनजान फाइल डाउनलोड करने से बचें, कंप्यूटर और ब्राउजर को अपडेट रखें और अपने अकाउंट से भेजे गए संदिग्ध मैसेज पर नजर रखें। छोटी सी सावधानी आपको बड़े साइबर फ्रॉड से बचा सकती है।