Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. पर्दाफाश
  3. ‘धर्मेंद्र प्रधान जी, आप मुझ पर हमला करके अपने अपराधों से बरी नहीं हो जाएंगे…’ राहुल गांधी का केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर पलटवार

‘धर्मेंद्र प्रधान जी, आप मुझ पर हमला करके अपने अपराधों से बरी नहीं हो जाएंगे…’ राहुल गांधी का केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर पलटवार

By Abhimanyu 
Updated Date

CBSE OSM Irregularities : सीबीएसई (CBSE) 12वीं की परीक्षाओं के मूल्यांकन और परिणामों में गड़बड़ियों को लेकर देश की सियासत गरमाने लगी है। इस मुद्दे को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव समेत तमाम विपक्षी नेता सरकार को घेर रहे हैं। जिसके जवाब में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने राहुल पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। वहीं, कांग्रेस सांसद ने प्रधान की टिप्पणी पर पलटवार किया है।

पढ़ें :- रिपोर्ट : सरकार ने मार्च से जुलाई के बीच हर मिनट सोशल मीडिया कंपनियों को एक ब्लॉकिंग ऑर्डर भेजा, कांग्रेस का तंज- मोदी Gen Z से कितने डरे हुए हैं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की टिप्पणी का जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “धर्मेंद्र प्रधान जी, आप मुझ पर जितना चाहें हमला कर सकते हैं, लेकिन इससे आप अपने अपराधों से बरी नहीं हो जाएँगे। और न ही यह मुझे 18.5 लाख बच्चों के लिए जवाब माँगने से रोक पाएगा। CBSE का OSM कॉन्ट्रैक्ट COEMPT को क्यों दिया गया – एक ऐसी कंपनी जो अपने पुराने नाम Globarena के तहत पहले से ही विवादों में घिरी हुई थी? यह किसके आदेश पर किया गया? बैकग्राउंड चेक क्यों नहीं किए गए? COEMPT के मैनेजमेंट और मोदी सरकार के बीच क्या संबंध है? या तो आपने बैकग्राउंड चेक करवाया और फिर भी आगे बढ़ गए – या फिर आपने करवाया ही नहीं। दोनों ही मामलों में, आप इस अपराध में शामिल हैं। जहां तक ज़िम्मेदारी की बात है – अगर PM को सच में परवाह होती, तो लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद करने के लिए उन्हें आपको बहुत पहले ही पद से हटा देना चाहिए था।”

इससे पहले केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में CBSE परीक्षाओं में कथित विसंगतियों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “कल CBSE ने इस मामले पर अपना जवाब दिया था। यह भारत सरकार की खरीद नीति के अनुरूप है। मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।” इस दौरान नेता प्रतिपक्ष की टिप्पणी का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “लेकिन जहां तक राहुल गांधी की बात है, ऐसा लगता है कि वे एक अलग ही मानसिक स्थिति में पहुँच गए हैं। लगातार चुनावी हार के कारण वे हताश नज़र आते हैं। उन्होंने SIR का विरोध किया, वे EVM का विरोध करते थे, और उन्होंने डिजिटल इंडिया का भी विरोध किया। ऐसा नहीं लगता कि वे भारत की वैज्ञानिक प्रगति के साथ खड़े हैं।”

धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा, “जहां तक इस मुद्दे की बात है, मैं सरकार की ओर से किसी भी असुविधा के लिए स्वयं ज़िम्मेदारी लेता हूं, और मैं सभी से अनुरोध करता हूँ कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। मैंने यह बात पहले भी कही है। राजनीति बाद में की जा सकती है। अभी सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन छात्रों और परीक्षार्थियों का मानसिक तनाव और अधिक नहीं बढ़ना चाहिए। हम सभी से अपील करते हैं कि किसी के भी शब्दों या व्यवहार से उनका तनाव और नहीं बढ़ना चाहिए।”

बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बुधवार को सीबीएसई (CBSE) 12वीं की परीक्षाओं के मूल्यांकन और परिणामों में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस “भयंकर हेर-फेर” के कारण देश के लाखों छात्र और उनके माता-पिता सदमे व मानसिक तनाव में हैं।

पढ़ें :- राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति मामले में अंतरिम राहत, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट की सुनवाई पर लगाई रोक
Advertisement