Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. शादी में नहीं की फिजूलखर्ची, 3500 ग्रामीणों का कराया बीमा, PM मोदी ने मन की बात में की परिवार की सराहना

शादी में नहीं की फिजूलखर्ची, 3500 ग्रामीणों का कराया बीमा, PM मोदी ने मन की बात में की परिवार की सराहना

By Harsh 
Updated Date

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के एक परिवार ने अपने बेटे की शादी को समाज सेवा का माध्यम बनाकर एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा अब पूरे देश में हो रही है। इस अनोखी पहल की सराहना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 135वें एपिसोड में की।

पढ़ें :- जंतर-मंतर पर फूट-फूटकर रोए अभिजीत दीपके,बोले- सोनम सर को ले जाने से नहीं खत्म होगा आंदोलन, अब हम पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग करेंगे

नांदेड़ जिले के कंधार तालुका के बहादुरपुरा गांव के पेठकर परिवार ने बेटे सिद्धेश्वर पेठकर की शादी के अवसर पर हजारों लोगों के लिए बीमा करवाने का फैसला किया। परिवार ने शादी में होने वाले पारंपरिक खर्चों को कम करते हुए गांव के 3500 लोगों का बीमा कराया, जिससे अब यह पहल चर्चा का विषय बन गई है।

‘मन की बात’ में हुआ जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पेठकर परिवार की इस सोच को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर शादियों में बड़ी रकम खर्च की जाती है, लेकिन इस परिवार ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए एक अलग और सराहनीय उदाहरण पेश किया है।

3500 ग्रामीणों को मिलेगा बीमा का लाभ

पढ़ें :- महाराष्ट्र में 1,525 किलो व्हे पाउडर जब्त , दूध में मिलावट की आशंका: 7 लोगों पर केस

जानकारी के अनुसार, बहादुरपुरा गांव की आबादी करीब 3600 है और यहां के अधिकांश लोग खेती-किसानी और मजदूरी से जुड़े हुए हैं। गांव में अक्सर सांप काटने, जंगली जानवरों के हमले, सड़क दुर्घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। आर्थिक तंगी के कारण कई परिवारों को इलाज कराने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पेठकर परिवार ने गांव के मतदाता सूची में शामिल लगभग 3500 लोगों के लिए एक लाख रुपये तक का बीमा करवाने का निर्णय लिया। इस पहल का लाभ किसान, मजदूर और अन्य ग्रामीण परिवारों को मिलेगा।

समाज के लिए कुछ करने की थी सोच

दूल्हे के बड़े भाई अनूप पेठकर ने बताया कि उनका परिवार हमेशा से सामाजिक कार्यों में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों की सुरक्षा और सहायता के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले परिवार की ओर से हेलमेट वितरण और बीमा शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें एक ही दिन में करीब 900 लोगों का बीमा कराया गया था।

गांव वालों के लिए शादी का खास तोहफा

दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर का कहना है कि गांव के लोगों की परेशानियों को करीब से देखने के बाद उनके मन में यह विचार आया। उन्होंने कहा कि कई बार आर्थिक तंगी के कारण ग्रामीण परिवार मुश्किल हालात से बाहर नहीं निकल पाते। इसी वजह से उन्होंने अपनी शादी के अवसर पर गांव के लोगों को यह विशेष उपहार देने का फैसला किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में इस पहल का उल्लेख किए जाने के बाद पेठकर परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

पढ़ें :- खुदरा महंगाई दर बढ़ने पर कांग्रेस का तीखा सवाल- पूंजीपतियों के सरंक्षक प्रधानमंत्री मोदी आम जनता के दर्द पर कब बोलेंगे?
Advertisement