लखनऊ। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। चुनाव की तारीखों के एलान के बाद वहां पर कई बड़े फेरबदल देखने को मिले हैं। कई अधिकारियों को चुनाव आयोग की तरफ से हटा दिया गया। इसको लेकर ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्हें घेरा था।
पढ़ें :- सरकार बनी तो महिलाओं को साल में देंगे 40 हजार रुपया...अखिलेश यादव ने किया बड़ा एलान
अब अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि, पश्चिम बंगाल में कुछ भी कर लिजिए वो अकेले लड़कर जीत रही हैं। चुनाव आयोग से मिलकर बीजेपी कितने भी अधिकारी बदल दें लेकिन जनता ममता जी को ऐतिहासिक जीत दिलाकर फिर से मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।
साथ ही कहा, संघ परिवार ने बड़ी संख्या में अपने कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल चुनाव में उतारे हैं। बूथ स्तर पर पैसे बांटे जा रहे हैं। अप्रैल में कार्यकर्ताओं की यही फौज यूपी में उतरेगी। बंगाल में भी दीदी जीतेंगी और यूपी में भी हम इनसे निपट लेंगे। चुनाव के समय मंत्रिमंडल विस्तार से भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा।
कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर कसा तंज
इस दौरान अखिलेश यादव ने योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि, असली विस्तार सरकार का और विकास का होगा 27 में, इनका विस्तार तो रूठों को मनाने वाला है। जब बजट पूरा खर्च हो गया है तब मंत्री बनेंगे। सुनने में आ रहा है कि कई विभागों का बहुत जल्दी जल्दी बजट स्वीकृत हो रहा है।
ग्रीन कॉरिडोर पर तंज
अखिलेश यादव ने कहा, देश के रक्षा मंत्री तो अच्छा काम करना चाहते होंगे, लेकिन मुख्यमंत्री जी ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बर्बाद कॉरिडोर बनाया है। पीडेस्ट्रियन को चलने की जगह ही नहीं है, ये मानक के खिलाफ सड़क डिजाइन हुई है।