Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. जिला अस्पताल में मरीज की मां से लगावाया पोंछा, वीडियो वायरल होने के बाद सफाईकर्मियों की तैनाती पर उठे सवाल

जिला अस्पताल में मरीज की मां से लगावाया पोंछा, वीडियो वायरल होने के बाद सफाईकर्मियों की तैनाती पर उठे सवाल

By Kalpna Pandey 
Updated Date

MP Viral Video: सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं देने के दावों के बीच मध्य प्रदेश के दमोह जिला अस्पताल का एक वीडियो चर्चा में है। इसमें एक महिला अस्पताल के फर्श पर पोंछा लगाती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बीमार बेटे का इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की सफाई व्यवस्था और जिम्मेदार कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

पढ़ें :- इंदौर में पैक्ड घी में ‘जहर’! तय सीमा से 10 गुना ज्यादा मिला सीसा, 17 हजार लीटर स्टॉक पर सवाल

मामला इसलिए भी सुर्खियों में है, क्योंकि अस्पताल में सफाई के लिए 55 कर्मचारियों की तैनाती बताई गई है। इनमें 52 सफाईकर्मी और तीन सुपरवाइजर शामिल हैं। वहीं, इस व्यवस्था के संचालन के लिए संबंधित एजेंसी को हर महीने लगभग 8 लाख रुपये का भुगतान किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में मरीज के परिजन से सफाई कराने पर लोगों ने इस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

जानकारी के मुताबिक, तेजगढ़ क्षेत्र के सिमरिया गांव की रहने वाली 58 वर्षीय महिला अपने बेटे को डायरिया की शिकायत के बाद जिला अस्पताल लेकर पहुंची थीं। महिला का आरोप है कि फर्श गंदा होने पर ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने उनसे पोंछा लगाने को कहा। इसी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अस्पताल में कर्मचारियों की उपलब्धता और सरकारी धन के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर अस्पताल प्रशासन ने अलग जानकारी दी है।

जिला अस्पताल के अधीक्षक सुरेंद्र सिंह के अनुसार, जांच में वीडियो करीब डेढ़ महीने पुराना पाया गया। उनका कहना है कि कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि सफाईकर्मी पहले ही सफाई कर चुका था और इसके बाद महिला ने खुद दोबारा सफाई करने की बात कही थी। प्रशासन ने वीडियो के जरिए अस्पताल की छवि खराब करने की आशंका भी जताई है।

उधर, सिविल सर्जन डॉ. पहलाद पटेल ने मामले में संबंधित नर्सिंग ऑफिसर, सफाई एजेंसी और सहायक अस्पताल प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें :- Video- सिंधिया को प्रार्थी ने दी 'वोट न देने की धमकी' तो तिलमिलाए केंद्रीय मंत्री, बोले- ये भाषा मेरे साथ कभी इस्तेमाल नहीं करना
Advertisement