बेंगलुरु : सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना एक बार फिर जांच के घेरे में हैं। जेल में उनके पास से जब्त किए गए मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के दौरान करीब 90 अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां अब फोन में मौजूद वीडियो, तस्वीरों और दूसरे डिजिटल डेटा की पड़ताल कर रही हैं। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि मोबाइल में मौजूद सामग्री कहां से आई और क्या उसका किसी आपराधिक मामले से संबंध है।
पढ़ें :- जेल में बंद प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला मोबाइल-पेन ड्राइव, CCB की छापेमारी के बाद जेल अफसर पर कार्रवाई
जेल में छापेमारी के बाद दर्ज हुई नई FIR
सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने मंगलवार को बेंगलुरु सेंट्रल जेल में छापेमारी की थी। इसी दौरान प्रज्वल रेवन्ना के पास मोबाइल फोन मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने नई FIR दर्ज की है। इस मामले में जेल में बंद अंडरट्रायल कैदी प्रताप राय को भी आरोपी बनाया गया है। जब्त मोबाइल को जांच के लिए फोरेंसिक टीम के पास भेजा गया है।
रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहा है प्रज्वल
प्रज्वल रेवन्ना जेडीएस विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। उन्हें महिलाओं से जुड़े यौन अपराध के एक मामले में अगस्त 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। एक महिला ने अप्रैल 2024 में प्रज्वल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि उसके साथ कई बार यौन अपराध किया गया और मामले की जानकारी किसी को देने पर उसे धमकाया गया।
पढ़ें :- प्रकाश राज का दावा- SIR में वोटर लिस्ट से उनका नाम कटा, बोले- कौन-कौन से दस्तावेज दिखाने पड़ेंगे
तीन अन्य मामलों की सुनवाई भी बाकी
इस मामले में अदालत ने रेप, ताक-झांक, आपराधिक धमकी और अश्लील सामग्री से जुड़े आरोपों में प्रज्वल के खिलाफ कार्रवाई की थी। 1 अगस्त 2025 को पीपुल्स रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पेशल कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराया था। अगले दिन अदालत ने उम्रकैद की सजा के साथ 11.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। इसमें से 11.25 लाख रुपये पीड़िता को देने का आदेश दिया गया था। प्रज्वल के खिलाफ रेप के तीन अन्य मामले भी चल रहे हैं। इन मामलों में अभी अदालत की सुनवाई बाकी है। वहीं जेल से बरामद मोबाइल को लेकर पुलिस डिजिटल सबूतों की जांच आगे बढ़ा रही है।