अयोध्या । राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले (Ram Mandir Donation Case) में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ शासन प्रशासन बेहद सख्त ऐक्शन के मूड में नजर आ रहा है। बुलडोजर ऐक्शन के साथ ही सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट (Gangster Act) लगाने की भी तैयारी की जा रही है। एक आरोपी लवकुश मिश्रा के घर अयोध्या विकास प्राधिकरण की टीम पहुंची है। उसके सहादतगंज में बन रहे नए घर का टीम ने सर्वे किया है। उसके घर वालों से पूछताछ की गई है। अब नोटिस देने की तैयारी हो रही है।
पढ़ें :- Ram Mandir Donation Scam : 'SIT की कार्रवाई सिर्फ़ दिखावा...' कांग्रेस सांसद KC वेणुगोपाल ने की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
पुलिस की अब तक हुई जांच और कार्रवाई के आधार पर मिले साक्ष्य गैंगस्टर के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट (Gangster Act) के तहत कार्रवाई के लिए विधिक राय ली जा रही है। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी (Shri Ram Mandir Donation Case) का मामला जून के पहले सप्ताह से ही चल रहा है। जानकारी होने पर मंदिर ट्रस्ट ने पहले अपने स्तर पर जांच की। पुलिस के साथ छापेमारी की और नगद बरामदगी की। जब मामला खुल गया और दबाव बना तो राज्य सरकार से एसआईटी जांच (SIT Investigation) की सिफारिश कर दी। एसआईटी (SIT) भी करीब एक सप्ताह तक डेरा डाले रही। सभी तथ्यों की जांच में चोरी के साक्ष्य मिलने के बाद मामला और गरमा गया।
बता दें कि ट्रस्ट पर भी एफआईआर (FIR) का दबाव बढ़ गया। एसआईटी रिपोर्ट (SIT Report) मिलने के बाद ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन ने 8 नामजद और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने नामजद आरोपियों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, उसके रिश्तेदार मनीष यादव, कैश गणना में लगे अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमाशंकर मिश्रा तथा करुणेश पांडेय को गिरफ्तार किया है। इनसे करीब 80 लाख रुपए बरामद हुए हैं। अविनाश शुक्ला के पास से 20 लाख, रामशंकर यादव टिन्नू 20 लाख, करुणेश पाण्डेय के पास से 18 लाख, अनुकल्प मिश्रा के पास से 16 लाख, लवकुश मिश्रा के पास से 14 लाख 32 हजार, रामशंकर मिश्रा के पास से सात लाख और मनीष यादव के पास से 2 लाख रुपए बरामद हुए हैं।
एक बार फिर ताबड़तोड़ छापेमारी
वहीं, आरोपियों पर फिर से ताबड़तोड़ छापेमारी भी हो रही है। अनुकल्प मिश्रा ने भी हाल ही में कौशलपुरी में मकान खरीदा था। खबर छपते ही पुलिस टीम हरकत में आई। रामजन्मभूमि थाने की पुलिस टीम बुधवार दोपहर रुदौली थाने की पुलिस के साथ फगौली ठकुरान स्थित लवकुश के घर पहुंची और परिजनों से लवकुश के आय के स्रोत व एक वर्ष के भीतर खरीदे गए भूखण्ड व अन्य कीमती सामानों के सम्बंध में जानकारी हासिल की।
पढ़ें :- राम मंदिर दान घोटाले में नया मोड़... बैंक ने तीन महीने पहले ही जताई थी गड़बड़ी की आशंका, गायब CCTV और चाबियों ने बढ़ाए सवाल
भूसे के ढेर को खोदकर तलाशी
पुलिस ने लवकुश के घर में मौजूद दादी गिरिजा देवी से काफी देर तक पूछताछ कर अहम जानकारियां हासिल कीं। परिवार के लोगों से पूछताछ, घर में तलाशी के अलावा भूसे के ढेर को भी खंगाला। लाठी से भूसे के ढेर को खोदकर यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं चढ़ावे की चोरी का पैसा यहां तो नहीं छिपाया है। इसलिए भी भूसे की तलाशी ली गई कि लवकुश के यहां से ही कुछ दिनों पहले उपले के ढेर से रुपये बरामद हुए थे।
दो गाड़ियों में भरकर करुणेश के घर पहुंची पुलिस
खंडासा थाने की पुलिस के साथ अयोध्या से दो गाड़ियों में भरकर पुलिस टीम जयराजपुर स्थित आरोपी करुणेश पांडेय के पैतृक आवास पहुंची। दोपहर करीब 1:30 बजे जांच पड़ताल शुरू की। करीब दो घंटे तक पुलिस ने करुणेश के घर की तलाशी ली। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी। इस कार्रवाई में करीब 25 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की तीसरी टीम इनयातनगर थाने के बसावां गांव पहुंची। यहां आरोपी अनुकल्प मिश्रा का पैतृक आवास है। पुलिस ने यहां भी चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।