Best wishes for Buddha Purnima : वैशाख महीने की पूर्णिमा, जिसे बुद्ध पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है आज 1 मई 2026 को मनाई जा रही है। यह धार्मिक दृष्टिकोण से एक महत्त्वपूर्ण दिन है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैशाख पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु ने कच्छप अवतार लिया था। वहीं, भगवान बुद्ध का जन्म, उनको ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण इसी दिन हुआ था। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
पढ़ें :- पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड वोटिंग के बाद ममता बनर्जी का पहला बयान, कहा- 226 सीटें जीतेंगे,'मां, माटी और मानुष की सरकार बना रहे हैं'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट पर लिखा, “बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों और पूरे विश्व में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देती हूं।” पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, “सभी देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की असीम शुभकामनाएं। शांति, करुणा और सद्भावना के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाले इस पावन अवसर पर आइए, भगवान बुद्ध के जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प दोहराएं। नान्तर्बहिश्च लोकेषु त्वात्मानं दृष्टवान् क्वचित्। आष्टाङ्गिकेन मार्गेण परमां शान्तिमाययौ॥”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, ” आप सभी को बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान गौतम बुद्ध का जीवन दर्शन और उनके विचार सम्पूर्ण मानवता के लिए शिक्षा हैं – अहिंसा, करुणा, सत्य, सामाजिक समरसता और नैतिकता की। उनका दिखाया मार्ग हमें हमेशा शांति और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।”