डिजिटल डेस्क, पर्दाफाश। भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले रोहित शर्मा के धमाकेदार प्रदर्शन से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा का ‘2.0 अवतार’ इस पूरे सीजन में विरोधी टीमों के लिए बड़ी परेशानी बनने वाला है। दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग के पहले मुकाबले में 38 वर्षीय रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 78 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया।
पढ़ें :- "कहानियां मत बनाइए…" सूर्यकुमार को लेकर कोच जयवर्धने का साफ बयान
मैच के बाद ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से बातचीत में कुंबले ने कहा, “लगता है कि रोहित शर्मा अपने 2.0 अवतार में आ गए हैं। उनकी पारी देखकर उनके करियर के सुनहरे दिन याद आ गए। जिस आत्मविश्वास और लय में वो दिखे, वो कमाल था।” उन्होंने आगे कहा कि वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारायण और ब्लेसिंग मुजरबानी जैसे गेंदबाजों के खिलाफ इस तरह छक्के लगाना आसान नहीं होता, लेकिन रोहित ने इसे बेहद आसान बना दिया।
कुंबले ने रोहित की फिटनेस की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “उन्होंने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है। आमतौर पर ब्रेक के बाद लय पाने में कुछ दिन लगते हैं, लेकिन रोहित ने आते ही कमाल कर दिया।” उन्होंने अंत में कहा, “ये पारी शानदार थी। जिस तरह से छक्के लग रहे थे, उससे साफ है कि रोहित का ये नया अवतार बाकी टीमों के लिए खतरे की घंटी है।