नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला में खल्लारी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रविवार सुबह दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी रोपवे ट्रॉली का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली करीब 20 फीट नीचे गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जब श्रद्धालु माता के दर्शन कर रोपवे के जरिए नीचे उतर रहे थे। अचानक केबल टूटने से ट्रॉली अनियंत्रित होकर पहाड़ी की चट्टान से जा टकराई और नीचे गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
पढ़ें :- राजस्थान रॉयल्स को लगा तगड़ा झटका, टूर्नामेंट से बाहर हुआ दिग्गज खिलाड़ी, श्रीलंका के ऑलराउंडर शनाका को टीम में मिली जगह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हादसे की चपेट में दो ट्रॉलियां आईं। पहली ट्रॉली के गिरने से ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली का भी संतुलन बिगड़ गया और उसमें सवार लोग भी घायल हो गए। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने रोपवे के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय पर मेंटेनेंस होता तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बता दें कि चैत्र नवरात्रि के चलते मंदिर में भारी भीड़ थी। महासमुंद से करीब 25 किलोमीटर दूर पहाड़ी की चोटी पर स्थित यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है, जहां हर साल लाखों लोग नवरात्री में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।