नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक इमारत हादसे में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीजी ऑपरेटर सुधांशु और लेबर ठेकेदार सानोज को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं दूसरी ओर, नगर निगम ने घटनास्थल के ठीक बगल में स्थित बेहद कमजोर और खतरनाक बहुमंजिला इमारत को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है।
पढ़ें :- दिल्ली की CM रेखा गुप्ता के सवाल से हड़कंप; 'किस अफसर के दौर में बनी अवैध इमारत?' दिल्ली में बुलडोजर कार्रवाई का आदेश
आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, अब तक पांच गिरफ्तार
आपको बता दें कि इस मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में अब तक कुल पांच लोगों को कस्टडी में लिया है। ‘Hostel Daze’ नाम से पीजी चलाने वाले पार्टनर सुधांशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह इमारत अगस्त 2025 से लीज पर लेकर चलाई जा रही थी। मामले का दूसरा पार्टनर शुभम त्यागी अभी फरार है। उत्तर प्रदेश के कासगंज से दिल्ली पुलिस ने इमारत में मरम्मत का काम करा रहे लेबर ठेकेदार सानोज को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस भवन स्वामी हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी उर्मिला और बेटे महेश को गिरफ्तार कर चुकी है।
हादसे के बाद एक्शन में आई नगर निगम की टीम ने मलबे के ठीक बराबर में खड़ी एक और कमजोर पांच मंजिला इमारत को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए इस बिल्डिंग को गिराने के लिए भारी मशीनों या बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, बल्कि हथौड़ों और पारंपरिक औजारों की मदद से इसे धीरे-धीरे तोड़ा जा रहा है। सावधानी के तौर पर प्रशासन ने आसपास की पांच से छह इमारतों को पूरी तरह खाली करा लिया है।
बेसमेंट में अवैध खुदाई बनी हादसे की वजह
पढ़ें :- भागलपुर में बड़ा रेल हादसा, पटरी पार कर रहे एक ही परिवार के दो लोगों की ट्रेन से कटकर मौत, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल
स्थानीय लोगों और शुरूआती जांच से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले आठ दस दिनों से बिल्डिंग के बेसमेंट में मरम्मत और खुदाई का काम चल रहा था। बारिश के कारण बेसमेंट में लगातार पानी जमा हो रहा था। इसके साथ ही ग्राउंड फ्लोर पर कमर्शियल स्पेस बढ़ाने के लिए तोड़फोड़ की जा रही थी, जिससे पूरी इमारत की नींव बेहद कमजोर हो गई और पांच मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और राहत दल तैनात कर दिया गया है।