लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लगभग 3.73 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और राहतपूर्ण खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने अगस्त महीने के बिजली बिलों में 2.92 प्रतिशत की सीधी कटौती करने का आधिकारिक आदेश जारी किया है। इसकी वजह से राज्य के उपभोक्ताओं को कुल 221 करोड़ रुपये का सीधा वित्तीय फायदा मिलेगा।
पढ़ें :- आजमगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत, डीजल टैंकर में लगी भीषण आग
लगातार दूसरे महीने मिली बड़ी राहत
आपको बता दें कि उपभोक्ताओं को यह बड़ी राहत Uttar Pradesh State Electricity Consumers Council के प्रयासों और UPERC के सख्त रुख के बाद मिली है। ध्यान देने योग्य बात यह है कि इससे पहले जुलाई के महीने में भी ईंधन अधिभार शुल्क में 4.43 प्रतिशत की भारी छूट दी गई थी। अब अगस्त में लगातार दूसरे महीने बिल कम आने से आम जनता को फिर से बड़ी राहत मिलेगी। यह कटौती घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक समेत सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू होगी।
नियामक आयोग के हस्तक्षेप के बाद झुका कॉर्पोरेशन
सूत्रों के अनुसार, जून महीने में पावर कॉर्पोरेशन ने ईंधन अधिभार की गलत गणना करके उपभोक्ताओं से करीब 10% अतिरिक्त शुल्क (Additional charges) वसूलने की तैयारी की थी। इस बात को लेकर उपभोक्ता परिषद ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए नियामक आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ईंधन अधिभार की गणना केवल संबंधित महीने की वास्तविक बिजली खरीद लागत और ट्रांसमिशन शुल्क के आधार पर ही की जाए। इस नई और पारदर्शी गणना के कारण ईंधन अधिभार शुल्क की दर कम हो गई, जिसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को बिल कटौती के रूप में मिल रहा है।