लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिला वोटरों के लिए बड़ा एलान किया है। यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी। इस योजना का एलान करते हुए सांसद डिंपल यादव ने कहा कि, महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये सरकार बनने पर दिया जाएगा। इस योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
पढ़ें :- सपा के मुंह से महिला सुरक्षा-सम्मान की बात महज़ छलावा...केशव मौर्य ने साधा निशाना
वहीं, इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि, देश और समाज की प्रगति बिना आधी आबादी की तरक्की के अधूरी है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए उनकी सरकार के फैसले हमेशा अहम रहे हैं। उन्होंने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि, आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने का संकल्प है। योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और भविष्य में इस राशि को बढ़ाया भी जाएगा।
उन्होंने कहा कि, समाजवादी सरकार जब प्रदेश में थी तो युवाओं को लैपटॉप देकर तकनीकी से जोड़ने का काम किया गया था। ऐसे में सपा सरकार बनने पर भविष्य में भी इंटर पास करने वाली बेटियों को लैपटॉप देने की योजना है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लिए नारी सिर्फ एक राजनीतिक नारा बनकर रह गई है। उन्होंने अगले चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने और महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आधी आबादी के साथ सबसे ज्यादा अन्याय हो रहा है। उन्होंने सपा सरकार के दौरान शुरू की गई 102 एम्बुलेंस सेवा का जिक्र करते हुए वर्तमान व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। समाजवादी पार्टी महिलाओं की असुरक्षा की भावना दूर करने और आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने के लिए काम करेगी।