Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिन में जल रहीं स्ट्रीट लाइटें! सोनौली नगर पंचायत में लापरवाही उजागर, बिजली और राजस्व पर बढ़ा बोझ

दिन में जल रहीं स्ट्रीट लाइटें! सोनौली नगर पंचायत में लापरवाही उजागर, बिजली और राजस्व पर बढ़ा बोझ

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों बिजली की भारी बर्बादी देखने को मिल रही है। बॉर्डर इलाके की मुख्य सड़कों पर दिन के उजाले में भी स्ट्रीट लाइटें जलती हुई नजर आती हैं। सरकार जहां बिजली बचत को लेकर मुहिम चला रही है, वहीं नगर पंचायत की यह उदासीनता सवाल खड़े कर रही है।

पढ़ें :- विकास की नई पहचान: विधायक ऋषि त्रिपाठी ने रोहिन नदी पर बहुप्रतीक्षित पुल की नींव रखी

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई मार्गों पर सुबह से लेकर दोपहर तक स्ट्रीट लाइटें लगातार जलती रहती हैं। शाम को लाइटें जलाने के बाद सुबह बंद न करना यहां आम बात बन चुकी है। इससे न सिर्फ बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है, बल्कि नगर पंचायत के राजस्व पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए नगर पंचायत ने क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें लगवाई थीं, लेकिन देखरेख के अभाव में वही व्यवस्था अब परेशानी का कारण बन गई है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय पर लाइटें बंद करने की जिम्मेदारी तय कर दी जाए या ऑटोमैटिक टाइमर व सोलर सिस्टम लगाए जाएं, तो समस्या का समाधान तुरंत हो सकता है।

इस मामले पर नगर पंचायत अधिकारियों का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि कहीं भी दिन में लाइटें जलती पाई गईं, तो तुरंत सुधार कराया जाएगा और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।

बॉर्डर जैसे संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही न सिर्फ संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की कार्यशैली पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेकर कितनी जल्दी सुधार करता है।

पढ़ें :- 4 महीने से बेटी के शव के साथ रह रहा था पिता,अचानक रिश्तेदार पहुंचे तो हुआ खुलासा
Advertisement