Accident: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा लखतर-विरामगाम हाईवे पर रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब तीर्थयात्रियों का एक समूह पैदल यात्रा पर निकला हुआ था। पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु राजकोट के एक मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद जुलूस के रूप में बहुचराजी मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
पढ़ें :- मैनाठेर कांड में 15 साल बाद फैसला: IPS अशोक सिंह पर हमले के 16 दोषियों को उम्रकैद
यह हादसा सुरेंद्रनगर के लखतर तालुका के भास्करपारा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे उसने सड़क किनारे चल रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में छह तीर्थयात्रियों और सड़क किनारे खड़े एक डंपर के ड्राइवर की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ड्राइवर फरार, तलाश जारी
मीडिया रिपोर्टस् के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। फिलहाल इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।