Captain Gill’s statement on Pandya : भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लंबे समय से वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला था। इस मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। लेकिन, डेढ़ साल से ज्यादा समय तक पांड्या की गैरमौजूदगी ने वनडे टीम के संतुलन को प्रभावित किया है। अब इस बात कप्तान शुभमन गिल ने भी स्वीकार कर रहे हैं।
पढ़ें :- कप्तान शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी में फ्लॉप! 5 गेंदों में 1 रन बनाकर हुए बोल्ड आउट
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आगाज से एक दिन पहले कप्तान गिल ने पांड्या की गैरमौजूदगी पर प्रतिक्रिया दी। उनका मानना है कि इस शानदार ऑलराउंडर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते ही टीम का लोअर मिडिल ऑर्डर ‘सेट’ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पांड्या की काबिलियत बेजोड़ है। वह एक ऐसे सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं, जो खेल के किसी भी चरण में गेंदबाजी कर सकते हैं और असरदार साबित हो सकते हैं। मीडिया से बात करते हुए गिल ने कहा, “अगर हार्दिक पांड्या टीम में आते हैं, तो हमारे नंबर 7 और नंबर 8 की स्थिति भी सुलझ जाएगी। बल्लेबाजी के लिहाज से हमारी टीम कहीं ज्यादा संतुलित नजर आएगी।”
आमतौर पर नंबर 6 या 7 पर बल्लेबाजी करने वाले पांड्या, IPL के बाद से ही चोटों की वजह से बाहर चल रहे हैं। हाल ही में, ‘इंडिया ए’ के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी से ठीक पहले, उनके पैर के निचले हिस्से (शिन) में स्ट्रेस की समस्या आ गई। भारतीय कप्तान ने कहा, “सबसे पहली बात, मुझे लगता है कि वह (पांड्या) एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उनके पास जो खूबियां हैं, वैसी दुनिया के बहुत कम खिलाड़ियों के पास होती हैं। एक ऐसा फास्ट-बॉलिंग ऑलराउंडर होना, जो नई गेंद से, मिडिल ओवरों में और डेथ ओवरों में – यानी खेल के हर चरण में गेंदबाजी कर सके, और साथ ही शानदार बल्लेबाजी भी कर सके – बहुत कीमती है। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह IPL के बाद से खेल नहीं पाए हैं।”
अपने मुख्य ऑलराउंडर के न खेल पाने की निराशा पर गिल का यह जवाब दिखाता है कि भारतीय टीम पांड्या पर कितना निर्भर है। गिल ने बताया कि वह 32 वर्षीय खिलाड़ी के संपर्क में हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारत की नीली जर्सी दोबारा पहनने से पहले, पांड्या कुछ घरेलू मैच खेलेंगे। बता दें कि पांड्या की जगह टीम मैनेजमेंट ने नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को मौका दिया। लेकिन, नतीजे उस हिसाब से नहीं रहे, जैसी उम्मीद थी। फिलहाल, गिल के बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट पांड्या के फिट होने का इंतजार कर रहा है।