Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ रैलियां को संबोधित कर रहे हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री सहारनपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा।
पढ़ें :- राहुल गांधी ने पीएम मोदी से दागा सवाल, बोले- हर संकट में सबसे पहले गरीब क्यों मरता है
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, हमारा ये स्थान मां शक्ति का स्थान है, ये मां शक्ति की साधना का स्थान है और हिंदुस्तान के हर कोने में शक्ति की उपासना हमारी स्वाभाविक, आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है। हम वो देश हैं, जो कभी भी शक्ति उपासना को नकारते नहीं हैं। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य है कि INDI अलायंस के लोग चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है, उन सबका क्या हाल हुआ है, ये इतिहास और पुराणों में अंकित है।
साथ ही कहा, 10 वर्ष पहले मैं चुनावी जनसभा के लिए सहारनपुर आया था। उस समय देश घोर निराशा, घोर संकट के दौर से गुजर रहा था। तब मैंने आपको गारंटी दी थी कि मैं देश झुकने नहीं दूंगा, देश रुकने नहीं दूंगा। मैंने संकल्प लिया था कि आपके आशीर्वाद से हर स्थिति, हर परिस्थिति को बदलूंगा, निराशा को आशा में बदलूंगा, आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी और मोदी ने अपनी मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी।
पीएम ने कहा कि, भाजपा देश के हर नागरिक की परेशानी कम कर रही है। हर किसी के लिए नए अवसर बना रही है। सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और यहां के लोगों के कौशल की ख्याति तो दूर-दूर तक है। इसलिए योगी जी हों या मोदी, हमें आपका ध्यान है। इसलिए हम दोनों एक बात बार-बार बोलते हैं-Vocal for Local.
साथ ही कहा, सपा की स्थिति तो ये है कि यहां उन्हें हर घन्टे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और भी विचित्र है, कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार उतारने की हिम्मत ही नहीं हो रही है। यानी INDI गठबंधन अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
पढ़ें :- राघव चड्ढा ने किताब के साथ किया पोस्ट, लिखा- अपने गुरु और वरिष्ठों के सामने अपने हुनर का इतना प्रदर्शन न करें, जिससे वह असुरक्षित महसूस करें
पीएम ने कहा, आपको याद होगा, यहां उत्तर प्रदेश में 2 लड़कों की जो फिल्म पिछली बार फ्लॉप हो चुकी है, उन 2 लड़कों की फिल्म को इन लोगों ने फिर से रिलीज किया है। मुझे समझ नहीं आता कि काठ की इस हांडी को ये INDI गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे।