लखनऊ। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के तत्वावधान में जनपद महाराजगंज के फरेंदा में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष-निषाद पार्टी एवं कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग), उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. संजय कुमार निषाद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
पढ़ें :- आजम ने ओवैसी पर चलाया सियासी तीर, बोले-दाढ़ी रखने से नहीं बन जाता कोई मौलाना, अब जाति-धर्म के नाम पर नहीं लड़ा जाएगा कोई चुनाव
इस अवसर पर निषाद ने जनपद फरेंदा स्थित निरीक्षण भवन से पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए कहा कि आज निषाद समेत समस्त मछुआ समाज को संवैधानिक रूप से अनुसूचित जाति के आरक्षण में परिभाषित किए जाने की मांग को लेकर यह पदयात्रा निकाली गई है। निषाद पार्टी का गठन वर्ष 2016 में निषाद समाज को आरक्षण दिलाने तथा ताल, घाट, बालू और अपने पुश्तैनी अधिकारों से वंचित होने के कारण किया गया था। निषाद समाज की समस्त मांगों से भारतीय जनता पार्टी को अवगत कराया जा चुका है, क्योंकि निषाद समाज से जुड़े सभी विषयों का निर्णय भाजपा को ही करना है और अब गेंद भाजपा के पाले में है। हम अपने समाज की आवाज को लगातार सरकार के सामने रखने का काम कर रहे हैं।
निषाद ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व० मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि निषाद पार्टी मुलायम सिंह यादव को धन्यवाद देती है कि उन्होंने मझवार में समस्त उपजातियों को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिया था और मछुआ समाज के 447 युवाओं को अनुसूचित जाति से अधिकारी बनाने का काम किया था। किंतु पूर्ववर्ती बसपा सरकार ने सत्ता में आते ही उक्त अधिकारियों की भर्ती और आरक्षण के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था, जबकि मुलायम सिंह यादव ने कोर्ट में मजबूती से पैरवी कर उस आदेश को बहाल रखने का काम किया था।
निषाद ने कहा कि निषाद समाज अपने मुद्दों को लेकर जाग चुका है। समाज अब स्पष्ट रूप से कहता है कि मछुआ समाज को 05 किलो राशन नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली में शासन चाहिए। जनपद महाराजगंज में निषाद पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में नौतनवा विधानसभा सीट पर अपना विधायक बनाया था। इस बार हम जनपद महाराजगंज की 02 विधानसभा सीटों (फरेंदा और नौतनवा) पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
उन्होंने कहा कि महाराजगंज आने के बाद हमें हमेशा विकास की गंगा बहती हुई दिखाई देती है। उत्तर प्रदेश में सरकार किसी की भी रही हो, किंतु महाराजगंज ने हमेशा अपना आशीर्वाद पंकज चौधरी को देने का काम किया है और आज वह प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में हम इस रैली के माध्यम से मछुआ समाज की मांगों को पंकज चौधरी के समक्ष रखने का काम करना चाहते हैं। जिस प्रकार महाराजगंज के निषाद समाज ने हमेशा उन्हें अपना सिरमौर बनाकर रखा है, उसी प्रकार अब आपको भी उनके आरक्षण के विषय पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार से बात कर इसका जल्द से जल्द समाधान करवाना चाहिए।
पढ़ें :- रोड शो में मासूम की मौत पर अखिलेश यादव ने जताया शोक, बोले- शोक का नाटक करने वालों का स्वांग समझ चुकी है जनता
निषाद ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर एवं चौरी-चौरा दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को गोरखपुर में नई ऊर्जा और पहचान देने का काम किसी ने किया था, तो वह डॉ. संजय निषाद और निषाद पार्टी ने वर्ष 2018 के लोकसभा उपचुनाव में प्रवीण निषाद की जीत के पश्चात किया था। आज अखिलेश यादव मेरे छोटे बेटे के विधानसभा क्षेत्र में जा रहे हैं, तो उन्हें चौरी-चौरा का विकास जरूर देखकर आना चाहिए। हम उनका चौरी-चौरा में स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश के इस दौरे से एक बात तो स्पष्ट हो चुकी है कि गोरखपुर में वह अपना पहला दौरा सबसे मजबूत सीट पर कर रहे हैं। जहां उन्हें अपना कोई प्रत्याशी नहीं मिल रहा है, वहां वह दूसरे दल के बागी को अपना प्रत्याशी बना रहे हैं। जब वह व्यक्ति अपने मूल दल और मुख्यमंत्री का सगा नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी का सगा कैसे हो सकता है? अखिलेश को मैंने दिल्ली रैली के दौरान भी एक सलाह दी थी कि आप 2024 के राज्यसभा चुनाव के समय जिस प्रकार समाजवादी पार्टी के विधायकों ने बागी होकर दूसरे दल का समर्थन किया था, उसी प्रकार का भविष्य का बीज बो रहे हैं। यह पेड़ आपको भविष्य में दुख देगा।
निषाद ने घोषणा करते हुए कहा कि श्रवण वर्ष 2022 में विधायक बने थे और 2027 में गोरखपुर से विधायक बनने जा रहे हैं। उन्हें कोई भी रोक नहीं सकता है। पदयात्रा के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष-निषाद पार्टी डॉ संजय निषाद को फरेंदा के स्थानीय लोगो में जगह जगह फूल मालाओं से स्वागत किया साथ ही अपना आशीर्वाद देकर निषाद पार्टी का भविष्य उज्जवल की कमाना की।