लखनऊ। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, सपा मुखिया अखिलेश यादव और उनके समर्थक उपचुनाव में करारी हार के बाद पूरी तरह से निराश और बौखलाए हुए हैं। जनता ने उनके सत्ता के सपने तोड़ दिए और ‘सत्ताइस का सत्ताधीश’ बनने का उनका दावा पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। राजनीतिक आधार खोने के बाद अब सपा ने प्रदेश में अशांति फैलाने और अराजकता पैदा करने की साजिशें शुरू कर दी हैं।
पढ़ें :- 'बिहार में क्रिमिनल्स बेखौफ हैं क्योंकि सरकार उन्हें बचा रही है...' तेजस्वी यादव का बड़ा आरोप
उन्होंने आगे कहा, संभल में हुआ दंगा सपा की इसी साजिश का हिस्सा है, जिसके असली सूत्रधार और ‘फर्जी PDA’ के संचालक स्वयं अखिलेश यादव हैं। अपनी चुनावी विफलता छुपाने के लिए इस तरह के प्रयास कर प्रदेश के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने और प्रगति को बाधित करने की कोशिश की जा रही है।
लेकिन सपाई गुंडों और दंगाई तत्वों को यह समझ लेना चाहिए कि उनकी चालें अब सफल नहीं होंगी। योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त क़ानूनी कार्रवाई होगी। भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश को विकास, सुरक्षा और समृद्धि की ओर अग्रसर कर रही है। अराजकता फैलाने वालों के लिए यहां कोई स्थान नहीं है। “सपा होगी सफा, और प्रदेश प्रगति के मार्ग पर निर्बाध रूप से आगे बढ़ेगा।”