कोलाकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक विशाल जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने कहा, आपका ये उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी। उसका नतीजा ये हुआ कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है।
पढ़ें :- राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए लगाया गंभीर आरोप, बोले- वो ब्लैकमेल व कंप्रोमाइज्ड हो चुके हैं, संसद से इसलिए भाग गए...
उन्होंने कहा, बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा, अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा। इसलिए बंगाल के हर कोने से आवाज उठ रही है-चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार! पीएम ने आगे कहा, कल TMC ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी है। असली चोर कौन है, ये बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है।
पीएम ने आगे कहा, आज भी इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फड़वा दिए। लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो, आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो। बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। वो दिन दूर नहीं, जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा। जो कानून तोड़ेगा, जो अत्याचार करेगा, TMC के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा।
साथ ही कहा, यहां की निर्मम सरकार चाहे अब जितना जोर लगा ले, परिवर्तन की इस आंधी को वो अब रोक नहीं पाएगी। भाजपा और NDA के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है। रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी सभी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी। भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी, नवनिर्माण करेगी।
TMC सरकार का एक ही एजेंडा है। ये TMC वाले न खुद काम करेंगे, न करने देंगे। जब तक इनको अपना कटमनी नहीं मिल जाता, ये किसी भी योजना को गांव, गरीब तक नहीं पहुंचने देते। इसलिए TMC सरकार केंद्र की योजनाओं को रोककर रखती है। देशवासियों को मुफ्त बिजली देने के लिए हमने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की है। केंद्र की भाजपा सरकार इसके लिए हर लाभार्थी को 75 से 80 हजार रुपये देती है। जो लाभार्थी इस योजना से जुड़ता है, उसके घर का बिजली बिल जीरो हो जाता है। लेकिन, बंगाल सरकार इसे भी लागू नहीं होने दे रही।
पढ़ें :- Epstein Files में मोदी का नाम और अडानी को अमेरिका से मिले सम्मन के कारण भाजपा सरकार ने देश के हितों को कर दिया नीलाम: संजय सिंह
पीएम ने आगे कहा, आज बंगाल के किसान की हालत भी किसी से छिपी नहीं है। किसानों से झूठे वायदे और सरकारी खरीद में घोटाला ही TMC की पहचान बन गया है। TMC के कट, कमीशन और करप्शन के कारण, राजनीति के लिए…किसानों की जिंदगी से, गरीबों और मध्यम वर्ग की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। TMC सरकार गुंडों और अपराधियों की बैसाखी पर चलती है। रंगबाजी और कटमनी… ये TMC की कमाई का जरिया है। ये लोग जानते हैं कि जिस दिन बंगाल के लोग खुलकर सामने आ गए… TMC की विदाई पक्की है।