लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर रविंद्र मिश्रा (42) ने अपनी जान दे दी। घटना से ठीक पहले उन्होंने अपने 12 वर्षीय बेटे से वीडियो कॉल पर बात की। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह भावुक होकर रो रहे थे। कुछ ही देर बाद उन्होंने अपने किराए के मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शाहबाद थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग स्थित उनके घर की है। मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले रविंद्र मिश्रा शाहबाद में तैनात थे और अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा अपने ताऊ के पास रह रहा था।
पढ़ें :- UP Final Voter List Released : यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट में 84 लाख से ज्यादा मतदाता बढ़े, यहां चेक करें अपना नाम
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:20 बजे रविंद्र ने अपने बड़े भाई को कॉल कर बेटे से बात कराने को कहा। कुछ देर बाद बेटे ने घबराकर बताया कि पिता रो रहे हैं और गलत कदम उठाने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सहकर्मी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिवार ने इस घटना के पीछे लंबे समय से चल रहे वैवाहिक विवाद और मानसिक तनाव को वजह बताया है। रविंद्र की शादी 2012 में हुई थी और पिछले कई सालों से पत्नी से उनका विवाद चल रहा था। दोनों के बीच तलाक का मामला भी कोर्ट में लंबित है। बेटे ने भी अपनी मां पर पिता को परेशान करने का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा नजर आ रहा है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।