Delhi election 155 Crorepati candidates: उम्मीदवारों की नाम वापसी और छटनी के बाद दिल्ली की 70 विधानसभा सीट पर कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें से 155 करोड़पति उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दरअसल, चुनाव आयोग को दिये गए हलफनामे में उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति का खुलासा किया है। जिसमें भाजपा के दो उम्मीदवार अरबपति हैं, जबकि इस बार चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में सबसे कम संपत्ति कांग्रेस के राजेंद्र सिंह के पास है।
पढ़ें :- Live- दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता वासुदेव घाट पहुंचकर मंत्रियों के साथ की यमुना आरती
दिल्ली की 70 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के 77.14 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने इस बार 70 फीसदी करोड़पति उम्मीदवारों को मौका दिया है। साल 2020 की बात करें तो कांग्रेस के 83 फीसदी उम्मीदवारों की संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा थी। आप ने पिछले चुनाव में 73 फीसदी करोड़पति उम्मीदवार उतारे थे, जबकि भाजपा ने 70 फीसदी करोड़पति उम्मीदवारों पर भरोसा जताया था। हालांकि, इस बार भाजपा और आप के करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या पिछली बार से ज्यादा है। जबकि, पिछली बार की तुलना में कांग्रेस के करोड़पति उम्मीदवार कम हैं। बता दें की पिछली बार कुल 153 करोड़पति उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।
दिल्ली चुनाव 2025 के सबसे गरीब और अमीर उम्मीदवार
दिल्ली विधानसभा चुनाव में 2025 मोतीनगर से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र सिंह की संपत्ति सबसे कम है। उनके पास मात्र 24 हजार की संपत्ति है, लेकिन उनकी पत्नी के पास 5.5 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। सबसे अमीर उम्मीदवार की बात करें तो शकूरबस्ती से भाजपा के उम्मीदवार करनैल सिंह के नाम पर 227 करोड़ की चल और अचल संपत्ति है। इसके बाद दूसरे नंबर पर भाजपा के ही मनजिंदर सिंह सिरसा हैं। जिनके पास 1.86 अरब की चल अचल संपत्ति है। सिरसा को भाजपा ने राजौरी गार्डन से टिकट दिया है।