बुलंदशहर : खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां शादी का दबाव बना रहे प्रेमी ने इनकार करने पर अपनी 38 वर्षीय प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस वारदात को देख सन्न रह गई, कमरे में हर तरफ खून फैला हुआ था और आरोपी प्रेमिका की खून से लथपथ लाश के पास बेसुध बैठा मिला।
पढ़ें :- चुनाव आयोग में अंदरूनी कलह पर अखिलेश यादव की कड़ी प्रतिक्रिया, सुप्रीम कोर्ट से स्वत: संज्ञान लेने की मांग
शिवलोक कॉलोनी की रहने वाली 38 वर्षीय महिला, जिसके चार छोटे बच्चे हैं उसका पिछले करीब डेढ़ साल से अपने घर से महज 200 मीटर दूरी पर किराए पर रहने वाले 42 वर्षीय अजीत के साथ अफेयर था। बर्तन फैक्ट्री में काम करने वाला अजीत पिछले कुछ समय से महिला पर अपने पति और बच्चों को छोड़कर उससे शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था। जब महिला ने उसके बढ़ते दबाव के कारण दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी तो इससे तिलमिलाए आरोपी ने खौफनाक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच डाली।
मंगलवार की रात करीब 10 बजे आरोपी ने महिला को किसी तरह अपने किराए के कमरे पर बुलाया और फिर से शादी की जिद पकड़ ली। महिला द्वारा साफ इनकार किए जाने पर दोनों के बीच तीखी बहस और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते गुस्से में आरोपी ने चाकू से महिला के सीने, गले और चेहरे पर एक के बाद एक 17 वार कर दिए।
कमरे से आ रही चीख-पुकार और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया तो महिला फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी थी और आरोपी उसके बगल में बैठा था। पुलिस तत्काल उसे अस्पताल लेकर भागी, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी रामफल सिंह के अनुसार आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल चाकू के निशान शव पर स्पष्ट पाए गए हैं। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।