मुंबई। ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद निर्देशक आदित्य धर स्पाई-थ्रिलर ‘धुरंधर’ लेकर आए हैं। रिलीज के बाद फिल्म लगातार चर्चाओं में बनी है और प्रशंसा बटोर रही है। बड़े स्तर पर रिलीज हुई फिल्म ने अपने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 28.60 करोड़ रुपए की कमाई की। पहले दिन फिल्म को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद अब कई मल्टीप्लक्स चेन ने ‘धुरंधर’ के शोज में इजाफा किया है।
पढ़ें :- 'धुरंधर' के रहमान डकैत बन अक्षय खन्ना छाये, सोशल मीडिया पर हो रही है जमकर तारीफ
देर रात और सुबह के जुड़े शो
कई मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शुक्रवार को पहले दिन ‘धुरंधर’ को मिली प्रतिक्रिया को देखते हुए अब कई सिनेमाघरों में फिल्म के शोज बढ़ा दिए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के कई सिनेमाघरों में अब फिल्म चौबीसों घंटे दिखाई जा रही है। दर्शकों से मिली अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए मुंबई के कई सिनेमाघरों ने आधी रात के बाद और सुबह के नए शो बढ़ाए हैं। चकला स्थित पीवीआर संगम में ‘धुरंधर’ का शो सुबह 1:50 बजे, जबकि इरोस में आईमैक्स वर्जन का शो सुबह 6 बजे से होगा। इसी तरह पीवीआर सिटी मॉल और मूवीमैक्स सायन में भी सुबह के शो ऐड हुए हैं। जबकि मेट्रो आईनॉक्स में एक शो रात 1:30 बजे का जोड़ा गया है।
फिल्म ने पहले दिन की धुआंधार शुरुआत
शुक्रवार को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन 28.60 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। जबकि आज दूसरे दिन भी फिल्म खबर लिखे जाने तक 8.72 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर चुकी है। हालांकि, अभी ये शुरुआती आंकड़े ही हैं। ऐसे में उम्मीद है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करेगी।
पढ़ें :- रणवीर सिंह और संजय दत्त की फिल्म धुरंधर पर दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया निर्देश, CBFC पॉइंट्स पर करे विचार
स्पाई-थ्रिलर है ‘धुरंधर’
‘धुरंधर’ आदित्य धर द्वारा निर्देशित एक स्पाई-थ्रिलर है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, सारा अर्जुन, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म को साल की सबसे बड़ी फिल्म माना जा रहा है। ऐसे में देखना है कि आने वाले दिनों में फिल्म कैसा प्रदर्शन करती है।