Akhilesh Yadav’s roadshow in Gorakhpur : सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ यानी गोरखपुर में समाजवादी पार्टी आज शक्ति प्रदर्शन करने वाली है। यहां पर सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी चौरा के देवकाही गांव तक करीब 20 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। इस रोड शो के जरिये आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए का सियासी संदेश देने की कोशिश होगी। वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने रोड शो पर तंज़ कसते हुए कहा है कि अखिलेश कहीं भी यात्रा निकालें सपा का भविष्य अंधकार में था और अंधकार में रहेगा।
पढ़ें :- योगी जी अफ़वाह फैलाने वालों पर किस धारा में दर्ज होता है मुक़दमा? 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोट कटने का आपका दावा निकला फ़र्ज़ी : अखिलेश यादव
जानकारी के अनुसार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार दोपहर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से ‘पीडीए रथ’ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना होंगे। इस मौके पर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के रोड शो में शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से पत्रकारों ने अखिलेश के 20 किलोमीटर लंबे रोड शो को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव चाहे गोरखपुर में यात्रा निकालें, सैफई में यात्रा निकालें या लखनऊ में यात्रा निकालें। समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकार में था है और रहेगा। समाजवादी पार्टी अभी 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता के लिए मुंगेरी लाल के हसीन सपने ज़रूर देख सकती है। लेकिन धरातल पर ये सत्ता में आ नहीं सकती है। ये अखिलेश यादव को अच्छी तरह से पता है।”
बताया जा रहा है कि गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वी यूपी के दूसरे जिलों से भी सपा कार्यकर्ताओं इस रोड शो में शामिल होने के लिए कहा गया है। 20 किलोमीटर रोड शो के अंतिम पड़ाव देवकाही गांव पहुंचने के बाद अखिलेश यादव स्वतंत्रता सेनानी और शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान वह पूर्व भाजपा नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।