Asian Champions Trophy : भारतीय पुरुष हॉकी टीम (Indian Men’s Hockey Team) ने रविवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy) में मेजबान चीन पर 3-0 की शानदार जीत के साथ शुरुआत की। भारत (India) के लिए सुखजीत सिंह (14वें मिनट), उत्तम सिंह (27वें मिनट) और अभिषेक (32वें मिनट) ने गोल किए जबकि चीन (China) एक भी गोल नहीं कर सका।
पढ़ें :- भारत से मिली लगातार दो हार के बाद न्यूजीलैंड टीम में कई बड़े बदलाव, कोई हुआ बाहर तो किसी को मिला मौका
ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक हासिल करने के बाद टूर्नामेंट में खेलने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत में मिले मौकों को भुनाया और डिफेंस में भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। सुखजीत ने पहले क्वार्टर की शुरुआत में भारत को बढ़त दिलाई जबकि दूसरे क्वार्टर की समाप्ति से ठीक तीन मिनट पहले उत्तम सिंह ने बढ़त दोगुनी कर दी जिससे भारत पहले हाफ तक 2-0 से आगे हो गया।
दूसरे मैच में सोमवार को जापान से होगी भिड़ंत
खेल फिर से शुरू होने के ठीक दो मिनट बाद अभिषेक ने शानदार रिवर्स हिट से गोल किया। भारत पूल एक में अपने दूसरे मैच में सोमवार को जापान से भिड़ेगा। पिछले साल भारत ने घरेलू मैदान पर यह टूर्नामेंट जीता था जिससे वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में चार खिताब जीतने वाली एकमात्र टीम बन गई थी। अन्य मैचों में मलेशिया ने पाकिस्तान को 2-2 से बराबरी पर रोका जबकि जापान और कोरिया ने 5-5 से ड्रॉ खेला।