Balochistan Terrorist Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ है। यहां पर डुकी जिले में गुरुवार (10 अक्टूबर) की देर रात अज्ञात बंदूकधारियों ने एक कोयले की खदान के पास रहने वाले लोगों के घरों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में कम से कम 20 खनिकों के मारे जाने की खबर है, जबकि सात लोग हमले में घायल हुए हैं।
पढ़ें :- लखनऊ मण्डल को दशकों बाद मिला पूर्णकालिक मण्डलीय मनोवैज्ञानिक अधिकारी
दरअसल, बलूचिस्तान प्रांत में लंबे समय से अलगाववादी और आतंकवादी गतिविधियों की वजह से अस्थिरता बनी हुई है। यहां के कई समूह पाकिस्तानी सरकार पर तेल और खनिज-समृद्ध बलूचिस्तान के संसाधनों का अनुचित तरीके से दोहन का आरोप लगाते रहे हैं। पुलिस अधिकारी हुमायूं खान नासिर ने बताया कि हमले में मारे गए और घायल हुए लोगों में ज्यादातर बलूचिस्तान के पश्तून-भाषी क्षेत्रों से थे, और मृतकों में तीन अफगान नागरिक भी शामिल थे।
इससे पहले बीते सोमवार को कराची एयरपोर्ट के पास चीनी नागरिकों के काफिले पर हमला हुआ था। जिसमें दो चीनी नागरिकों की मौत हो गयी थी, जबकि 17 लोग घायल हो गए थे। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस्स हमले की ज़िम्मेदारी ली थी। अब एक और हमले ने पाकिस्तान में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) की बैठक को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
बता दें कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आगामी 15 और 16 अक्टूबर को शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) की बैठक होने वाली है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर भी शामिल होने वाले हैं।