लखनऊ। गाजियाबाद के लोनी सीट से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर (BJP MLA Nand Kishore Gurjar) के उत्पीड़न से तंग मुख्यमंत्री के जनता दरबार लखनऊ में 65 वर्ष के रिटायर्ड फौजी सत्यवीर गुर्जर गुरूवार को जहर खाकर पहुंचे थे। उनका कहना था कि गाजियाबाद में नंदू टैक्स वसूला जा रहा है। विधायक के कहने पर फौजी के घर का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया था।
पढ़ें :- टीएमसी के 20 सांसद हुए बागी ? काकोली घोष ने NDA को समर्थन देने के लिए ओम बिरला को भेजा पत्र
फौजी सत्यवीर गुर्जर को लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उक्त घटना के संज्ञान में आने पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पूर्व सैनिक सत्यवीर गुर्जर का कुशलक्षेम जानने सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित पूर्व सैनिक से मुलाकात की और घटना की वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
उक्त घटना पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार में मंत्री से लेकर संतरी तक सभी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। लोगों का शोषण कर रहे हैं। यह भाजपा विधायक देश की रक्षा करने वाले सैनिकों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। कांग्रेस उक्त घटना की निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सैनिकों के प्रति हो रहे अत्याचार के विरूद्ध आवाज उठाने के लिए हमेशा से ही प्रतिबद्ध रही है। फौजी सत्यवीर गुर्जर को न्याय दिलाने के लिए पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है।