नई दिल्ली। देश से मानसून अब अपनी बोरिया-बिस्तर समेटने की तैयारी में है , लेकिन जाने-जाने से पहले मौसम का तेवर एक बार फिर से बेहद तीखा हो गया है। अगर आप सोच रहे हैं कि अब गर्मी और उमस से पीछा छूट गया है, तो थोड़ा संभल जाइए क्योंकि मौसम विभाग (IMD) ने देश के 17 बड़े राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का जोरदार रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
पढ़ें :- यूपी में बेमौसम बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान, आज भी आंधी पानी का अलर्ट
जाने क्यों अचानक बदला मौसम का मिज़ाज?
मौसम में आए इस अचानक बदलाव के पीछे दो बड़ी वजहें सामने आ रही हैं। पहली वजह बंगाल की खाड़ी में उठने वाला नया चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ है, और दूसरी वजह उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती हवाओं का दबाव क्षेत्र है। इन दोनों के असर से बादलों का डेरा एक बार फिर से देश के बड़े हिस्से पर छा गया है। आइए जानते हैं कि आपके अपने शहर और राज्य में आज मौसम का क्या हाल रहने वाला है।
दिल्ली में झमाझम बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 से 26 सितंबर के बीच दिल्ली में झमाझम बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान बादलों की आवाजाही के बीच 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चलेंगी, जिससे उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। आज यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
पढ़ें :- Cyclone Arnab : लखनऊ में दिन में छाया अंधेरा, वाराणसी-अयोध्या समेत इन जिलों में 3 दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बरसेंगे बदरा
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, आज आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, बलिया, रायबरेली, लखनऊ, फतेहपुर, बांदा, प्रयागराज और चंदौली समेत तमाम जिलों में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हो सकती है। यह सिलसिला 25 और 26 सितंबर को भी यूं ही जारी रहने की पूरी संभावना है।
दूसरी तरफ, पड़ोसी राज्य बिहार में भी मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। यहाँ अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां काफी तेज रहने वाली हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कुल 19 जिलों में ऑरेंज और बाकी 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। सिवान, भोजपुर, पटना, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा जैसे जिलों में बादलों की लुकाछिपी के बीच झमाझम बौछारें पड़ने की पूरी उम्मीद है।