नई दिल्ली। दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता (Delhi New CM Rekha Gupta) होंगी। प्रवेश वर्मा ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा। विधायक दल की बैठक में इसका ऐलान कर दिया गया है। वह शालीमार बाग सीट से जीतकर विधायक बनी हैं। बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। कल दोपहर रामलीला मैदान में वह सीएम पद की शपथ ग्रहण करेंगी।
पढ़ें :- 10 नहीं पूरा 14.2 किलो का गैस सिलिंडर मिलेगा', वायरल न्यूज पर पेट्रोलियम मंत्रालय का दो टूक बयान
दिल्ली चुनाव के नतीजे घोषित होने के 11 दिन बाद आज यानी बुधवार को आखिरकार दिल्ली को नया मुख्यमंत्री (Delhi New CM Name Announced) मिल गया है। बुधवार शाम को सभी 48 नवनिर्वाचित बीजेपी विधायकों की बैठक हुई, जिसमें विधायक दल का नेता चुना गया। बीजेपी विधायकों ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का सीएम चुना।
दिल्ली में मुख्यमंत्री के साथ छह मंत्री ले सकते हैं शपथ
दिल्ली में मुख्यमंत्री के साथ छह मंत्री शपथ ले सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंत्री बनने वालों के नामों का ऐलान शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही किया जाएगा। विधायक दल की बैठक के साथ ही रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण कार्यक्रम गुरुवार दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, विनोद तावड़े और महामंत्री संगठन बीएल संतोष इन तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता, कारोबारी और गणमान्य व्यक्ति शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा हो सकते हैं।