Dollar vs Rupee : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) के जवाबी शुल्क की घोषणा के बाद गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 26 पैसे टूटकर 85.78 प्रति डॉलर पर आ गया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने वैश्विक स्तर पर अमेरिकी उत्पादों पर लगाए गए उच्च शुल्कों का मुकाबला करने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए करीब 60 देशों पर जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है।
पढ़ें :- UP के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत! दशकों की सेवा के बाद नियमितीकरण का आदेश, बकाया वेतन और पेंशन लाभ भी मिलेंगे
उन्होंने भारत पर 27 प्रतिशत जवाबी शुल्क की घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिकी वस्तुओं पर भारत उच्च आयात शुल्क (India Imposes Higher Import Duty) वसूलता है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ट्रंप के जवाबी शुल्क ने बाजार में हलचल मचा दी और निवेशकों ने सुरक्षित पनाहगाह की तलाश शुरू कर दी।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (Interbank Foreign Exchange Market) में रुपया डॉलर के मुकाबले 85.77 पर खुला। फिर लुढ़कर 85.78 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 26 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर (US Dollar) के मुकाबले 85.52 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.06 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड (International Standard Brent Crude) 2.20 प्रतिशत लुढ़ककर 73.30 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,538.88 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।