Rupee vs Dollar: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (Interbank Foreign Exchange Market) में रुपये में सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। रुपया दो पैसे और टूटकर नए सर्वकालिक निचले स्तर 84.39 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
पढ़ें :- यूपी में DM, ADM और SDM के ट्रांसफर पर लगी रोक, पीलीभीत वोटर लिस्ट गड़बड़ी मामले में अधिकारियों पर कार्रवाई
विदेशी कोषों की सतत निकासी और घरेलू शेयर बाजार (Domestic Stock Market) में नरमी के रुख के कारण रुपये की धारणा प्रभावित हुई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि जब तक डॉलर सूचकांक (Dollar Index) में नरमी नहीं आती या विदेशी कोषों की निकासी में कमी नहीं आती, तब तक रुपया दबाव में रहेगा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (Interbank Foreign Exchange Market) में रुपया 84.38 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 84.37 के उच्चस्तर और 84.39 के निचले स्तर के बीच रहने के बाद अंत में दो पैसे की गिरावट के साथ 84.39 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर (US Dollar) के मुकाबले पांच पैसे की गिरावट के साथ 84.37 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपया पिछले चार कारोबारी सत्रों में अमेरिकी डॉलर (US Dollar) के मुकाबले 30 पैसे टूट चुका है।
सोमवार को डॉलर-रुपये की जोड़ी रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई, क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के विकास एजेंडा के प्रति आशावाद के कारण अमेरिकी डॉलर सूचकांक (US Dollar Index) मजबूत हुआ। अक्टूबर में 11 अरब डॉलर की निकासी के बाद विदेशी निवेशकों (Foreign Investors) ने नवंबर में भारतीय शेयरों (Indian Shares) से लगभग 1.50 अरब डॉलर की निकासी की है।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के एसोसिएट उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हस्तक्षेप से घरेलू मुद्रा (Domestic Currency) को समर्थन मिल सकता है। इसके अलावा, व्यापारियों को इस सप्ताह जारी होने वाले भारत और अमेरिका के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के मुद्रास्फीति के आंकड़ों का इंतजार है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में घरेलू मुद्रा (Domestic Currency) में नरमी का रुख रहने की संभावना है।
पढ़ें :- IND vs NZ 1st T20I Live : आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा पहला टी20, जानें- कब, कहां देख पाएंगे लाइव मैच
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ 105.30 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत गिरकर 73.10 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार (Domestic Stock Market) में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 9.83 अंक की बढ़त के साथ 79,496.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 6.90 अंक गिरकर 24,141.30 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 3,404.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।