श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक बड़े नेटवर्क को विध्वंश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। श्रीनगर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने एक संयुक्त ऑपरेशन की मदद से दो खूंखार पाकिस्तानी आतंकवादियों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए आतंकियों में मुख्य नाम अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा का है, जो पिछले 16 वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों की आंखों में धूल झोंककर फरार था। इसके साथ ही एक अन्य पाकिस्तानी नागरिक उस्मान उर्फ खुबैब को भी हिरासत में लिया गया है।
पढ़ें :- Ganderbal Encounter Controversy: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गांदरबल मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच के दिए आदेश
इस मॉड्यूल के तार खंगालने के लिए पुलिस ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में कुल 19 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस ऑपरेशन के दौरान श्रीनगर के तीन स्थानीय निवासियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इन पर आतंकियों को सुरक्षित ठिकाने, फर्जी पहचान पत्र और भोजन पहुंचाने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान संदिग्ध दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और कुछ नकदी भी बरामद की गई है, जिसका उपयोग आतंकी गतिविधियों के आर्थिक मदद के लिए किया जा रहा था।
स्थानीय पुलिस का बयान:
श्रीनगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह मॉड्यूल फर्जी दस्तावेजों के सहारे देश के विभिन्न राज्यों में अपनी पकड़ बना रहा था। इन गिरफ्तारियों से लश्कर के एक ऐसे बड़े स्लीपर सेल नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जो भविष्य में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तयारी में था। वर्तमान में सभी आरोपियों से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है और आने वाले दिनों में कुछ और संदिग्धों की गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट: सुशील कुमार साह