Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. फतेहपुर हत्याकांड: सोशल मीडिया पर फोटो देख खौला पति का खून, पत्नी के साथ मिलकर प्रेमी को ग्राइंडर से काटा, शव को पेट्रोल…

फतेहपुर हत्याकांड: सोशल मीडिया पर फोटो देख खौला पति का खून, पत्नी के साथ मिलकर प्रेमी को ग्राइंडर से काटा, शव को पेट्रोल…

By Harsh Gautam 
Updated Date

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने न सिर्फ युवक को मौत के घाट उतारा, बल्कि शव को ठिकाने लगाने के लिए ग्राइंडर मशीन से उसके टुकड़े कर जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पढ़ें :- चलने के लिए दो लोगों का सहारा... पर 34 साल पुराना गुनाह नहीं भूला कानून: बिहार के 84 वर्षीय बुजुर्ग को हुई जेल

एक नजर में प्यार और फिर खौफनाक अंत..

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को खुलासा करते हुए बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव का रहने वाला विजय निषाद (20) का हमीरपुर की रहने वाली किरन से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। किरन का पति कामता निषाद गुजरात में नौकरी करता था, जिसकी गैरमौजूदगी में दोनों पिछले आठ महीनों से मिल रहे थे। इसी बीच विजय ने किरन की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं, जो गुजरात में उसके पति तक पहुंच गईं।तस्वीरें देखकर पति नौकरी छोड़कर गांव लौट आया और घर में भारी विवाद हुआ। इसके बाद किरन का झुकाव वापस पति की तरफ हो गया और दोनों ने मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

यूट्यूब देखकर बनाया मर्डर प्लान

पूछताछ में सामने आया कि इस खौफनाक हत्याकांड की स्क्रिप्ट यूट्यूब और इंटरनेट देखकर लिखी गई थी। आरोपियों ने सर्च किया था कि हत्या के बाद सबूत कैसे मिटाएं, पुलिस की धाराओं से कैसे बचें और जेल में क्या सुविधाएं मिलती हैं।

पढ़ें :- दिल्ली दौरे से बदली सियासी तस्वीर? बीजेपी छोड़ने की अटकलों के बीच नितिन नवीन से मिले अन्नामलाई

योजना के तहत 8 मई को किरन ने फोन कर विजय को अपने घर बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे पति कामता ने लकड़ी के चौखट से विजय के सिर पर वार कर उसे मार डाला।

गर्मी में अकड़ गया शव, तो बाजार से खरीदी ग्राइंडर मशीन

हत्या के बाद शव को घर में ही छिपाकर रखा गया था। देर रात जब वे शव को ठिकाने लगाने लगे, तो भीषण गर्मी के कारण लाश अकड़ चुकी थी और बोरे में नहीं आ रही थी। इसके बाद आरोपी बाजार से कटर (ग्राइंडर) मशीन खरीदकर लाए और शव के हाथ-पैर काट दिए। फिर अवशेषों को कानपुर के एक जंगल में ले जाकर पेट्रोल से आग लगा दी। आरोपियों ने विजय का मोबाइल, जूते, चश्मा और दस्तावेज भी नष्ट कर खेतों में छिपा दिए।

एक फोन कॉल ने खोला राज

विजय के लापता होने पर परिजनों ने 10 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब विजय की कॉल डिटेल निकाली, तो किरन से लगातार बातचीत की बात सामने आई। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने किरन को फोन किया, तो वह घबरा गई और फोन काट दिया। इसी शक के दम पर पुलिस ने जब दंपती को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो सारा राज उगल दिया।

पढ़ें :- दिल्ली के मुकुंदपुर में बड़ा हादसा: सिलेंडर फटने के बाद गिरा मकान, कई लोग दबे

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के अवशेष, हत्या में इस्तेमाल बाइक, ग्राइंडर मशीन और लकड़ी का चौखट बरामद कर लिया है। शानदार खुलासे के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

Advertisement