अमृतसर में एक पुलिसकर्मी ने स्कूल से घर लौट रही एक 12 वर्षीय बच्ची को अपनी तेज रफ्तार कार से टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद बच्ची कार के नीचे फंस गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने काफी कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
अमृतसर। अमृतसर में एक पुलिसकर्मी ने स्कूल से घर लौट रही एक 12 वर्षीय बच्ची को अपनी तेज रफ्तार कार से टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद बच्ची कार के नीचे फंस गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने काफी कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
बता दें कि यह घटना अमृतसर के सुल्तानविंड रोड की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान हवलदार अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि हादसे के समय वह शराब के नशे में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
इस मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब स्थानीय लोगों ने आरोपी की ऑल्टो कार की छानबीन की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाड़ी के अंदर से शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर बरामद हुए। लोगों का आरोप है कि बच्ची को टक्कर मारने के बाद आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश भी की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं, बच्ची की बुआ प्रीति ने बताया कि बच्ची पहले ही अपने माता-पिता और दादा-दादी को खो चुकी है। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उन्होंने प्रशासन से बच्ची का बेहतर इलाज कराने और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी कार जब्त कर ली है। साथ ही घायल बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके अलावा आरोपी पुलिसकर्मी का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया है, ताकि शराब के नशे में होने के आरोपों की पुष्टि हो सके।
फिलहाल आरोपी के नशे में होने की आधिकारिक मेडिकल पुष्टि और अंतिम पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।