Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. पंजाब के मोहाली में ओरल कैंसर का खौफ, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट

पंजाब के मोहाली में ओरल कैंसर का खौफ, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट

By Sushil Sah 
Updated Date

मोहाली। पंजाब के मोहाली जिले में मुंह के कैंसर का खतरा तेजी से फैल रहा है। इस बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जमीन पर उतरकर एक बड़ा स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक जिले के 42 हजार से अधिक लोगों के मुंह की जांच हो चुकी है। सबसे हैरानी की बात यह है कि इस शुरुआती जांच में ही 7 मरीजों में ओरल कैंसर का मामला सामने आया है, जिन्हें तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्रों में उपचार के लिए भेज दिया गया है।

पढ़ें :- Sultanpur News : आप सांसद संजय सिंह का योगी सकरार पर बड़ा हमला, कहा-यूपी में 27 हजार पाठशालाएं बंद मधुशालाएं खुलीं

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में नौ लाख लोगों की स्क्रीनिंग का एक बड़ा लक्ष्य बनाया है। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं जो घर-घर जाकर और कैंपों के माध्यम से लोगों की जांच कर रही हैं। विभाग का मुख्य फोकस उन लोगों पर है जो लंबे समय से तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा या पान मसाले का सेवन कर रहे हैं। क्योंकि ये हाई रिस्क की श्रेणी में आते है।

शुरुआती लक्षणों को न करें नजरअंदाज

मोहाली के स्वास्थ्य विशेषज्ञों और अधिकारियों ने जनता के लिए एक सख्त चेतावनी और सलाह जारी की है। विभाग का कहना है कि लोग अक्सर मुंह के छालों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो बाद में जानलेवा हो सकता है। यदि किसी भी व्यक्ति को निम्नलिखित लक्षण दिखते हैं, तो उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच करानी चाहिए—

दो हफ्ते से ज्यादा समय से मुंह या जीभ पर ऐसा छाला जो ठीक न हो रहा हो, मुंह के भीतर मसूड़ों, गालों या जीभ पर सफेद या लाल रंग के धब्बे पड़ना, मुंह पूरी तरह से खोलने, कुछ भी चबाने या निगलने में तकलीफ होना, गले या जबड़े के आसपास बिना किसी दर्द के सूजन या गांठ का उभरना, आवाज में अचानक बदलाव आना या भारीपन महसूस होना इत्यादि।

पढ़ें :- CNAP Service : अब 1 नवंबर से बिना Truecaller अनजान कॉल की होगी पहचान, आए दिन अनजान, फर्जी स्पैम कॉल्स और ऑनलाइन फ्रॉड से मिलेगी राहत

जल्दी पहचान ही है एकमात्र बचाव

मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक, ओरल कैंसर का अगर पहली या दूसरी स्टेज में पता चल जाए, तो इसका इलाज पूरी तरह हो सकता है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने मोहाली के नागरिकों से अपील की है कि जब भी स्वास्थ्य कर्मी उनके इलाके या घर पर आएं, तो वे इस मुफ्त स्क्रीनिंग अभियान में उनका सहयोग करें। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाने और मुंह की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Advertisement