प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के बड़े बेटे उमर अहमद (Umar Ahmed) के भाई आबान के जनाजे में शामिल होने के दौरान उनके काफिले को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रयागराज (Prayagraj) और प्रतापगढ़ (Pratapgarh) में काफिले से जुड़ी करीब 30 गाड़ियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि इन वाहनों में सवार लोगों ने टोल प्लाजा पर नियमों की अनदेखी करते हुए बैरियर तोड़ दिया और टोल कर्मचारियों के साथ अभद्रता की।
पढ़ें :- प्रयागराज में पिछले 48 घंटे से बिजली गुल होने पर मचा हाहाकार, देवघाट के 200 घरों में अंधेरा, भड़के लोगों ने घेरा सबस्टेशन
जानकारी के मुताबिक, यह मामला 8 अगस्त का है। अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत के बाद उसका जनाजा प्रयागराज में निकाला जाना था। लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद (Umar Ahmed) को हाई कोर्ट से पैरोल मिलने के बाद उसे सरकारी वाहन से प्रयागराज लाया जा रहा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में वाहन उसके काफिले के पीछे चल रहे थे।
आरोप है कि नेशनल हाईवे-19 (National Highway-19) स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा पर काफिले की कुछ गाड़ियों ने टोल भुगतान किए बिना आगे निकलने की कोशिश की। कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी देने का आरोप लगा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ वाहनों ने तेज रफ्तार में बैरियर को टक्कर मारकर तोड़ दिया। टोल प्रबंधन की ओर से पुलिस को कुछ वाहनों के नंबर और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। नवाबगंज पुलिस ने टोल मैनेजर की शिकायत के आधार पर 28 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इसके अलावा प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र स्थित भदरी टोल प्लाजा पर भी काफिले को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। वहां भी बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और सामने आए वाहन नंबरों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : कल्पना पांडेय