Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व विधायक दीपेंदु बिस्वास की TMC में वापसी, बोले- बीजेपी में जाना मेरी गलती

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व विधायक दीपेंदु बिस्वास की TMC में वापसी, बोले- बीजेपी में जाना मेरी गलती

By santosh singh 
Updated Date

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की बशीरहाट दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक दीपेंदु बिस्वास (Former MLA Dipendu Biswas) ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) में फिर से वापसी कर ली। उनके साथ जिले के कई नेताओं ने भी सत्तारूढ़ दल का दामन थामा है। इनमें बशीरहाट नंबर-1 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कादेर सरदार और बशीरहाट नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष पार्थसारथी बसु भी शामिल हैं। विधानसभा चुनाव से पहले बिस्वास की तृणमूल में वापसी को काफी अहम माना जा रहा है। चर्चा है कि उन्हें आगामी चुनाव में टिकट दिया जा सकता है।

पढ़ें :- Video : TMC बोली-अभिषेक बनर्जी के हत्या की प्लानिंग बना रही है भाजपा, कोलकाता एयरपोर्ट पर बंदूक संग पकड़ा गया शख्स

चार साल बाद टीएमसी में वापसी

भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व खिलाड़ी बिस्वास लंबे समय तक तृणमूल से जुड़े रहे थे। 2016 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने उन्हें टिकट दिया था और वह बशीरहाट दक्षिण सीट से जीतकर विधायक बने थे। हालांकि, 2021 के विधानसभा चुनाव में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें टिकट नहीं दिया।

इससे नाराज होकर बिस्वास 2021 के चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। लेकिन भाजपा ने भी उन्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं दिया। हालांकि, उन्हें पार्टी की राज्य समिति का स्थायी सदस्य बनाया गया था। इसके बावजूद, उन्होंने कुछ ही महीनों में भाजपा छोड़ दी और तत्कालीन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और पार्टी कार्यालय को अपना इस्तीफा भेज दिया। अब चार साल बाद बिस्वास ने फिर से तृणमूल में वापसी की है।

दूसरी पार्टी में जाना मेरी गलती थी : दीपेंदु बिस्वास

पढ़ें :- PM Kisan Yojana 23th Installment : चेक करें आपके खाते में आए 2000 रुपये, 23वीं किस्त नहीं आई तो आप इस हेल्पलाइन नंबर पर करें कॉल

रविवार को बशीरहाट में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें आधिकारिक रूप से टीएमसी में शामिल कराया। शामिल होने के बाद बिस्वास ने माना कि टीएमसी छोड़ने का उनका फैसला गलत था। उन्होंने कहा कि मैं बहुत संघर्ष करके फुटबॉल खिलाड़ी बना, इसलिए संघर्ष मेरे साथ हमेशा रहता है। पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में जाना मेरी गलती थी।’

टीएमसी में वापसी का फैसला क्यों लिया?

पूर्व विधायक ने यह भी बताया कि उन्होंने वापसी का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से बशीरहाट में किए जा रहे विकास कार्यों का समर्थक हूं, इसलिए मैं तृणमूल कांग्रेस में वापस आया हूं’। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह फिर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा कि पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे निभाऊंगा।’

Advertisement