Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव से सामने आए एक मामले ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज 14 महीने बाद 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने इसे दहेज के लिए की गई हत्या बताया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है।
पढ़ें :- लखनऊ में ढाबा संचालक की हत्या, वीडियो बनाने से नाराज बदमाशों ने मारी माथे पर गोली
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाया जाता था। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।
‘बेटी सब सहती रही, लेकिन किसी से खुलकर कुछ नहीं कहा’
दीपिका के पिता संजय नागर ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी बड़े अरमानों के साथ की थी। परिवार के मुताबिक शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और लगातार नई मांगें रख रहे थे। मां का कहना है कि दीपिका फोन पर कई बार अपनी परेशानी बताती थी। वह अक्सर रोते हुए कहती थी कि ससुराल में उसे ताने दिए जाते हैं और प्रताड़ित किया जाता है। हालांकि परिवार और समाज की इज्जत के चलते वह हर बार समझौता कर लेती थी।
अस्पताल में मिली लहूलुहान हालत में
पढ़ें :- लखनऊ गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर युवती का सिरकटा शव मिला,पॉलीथीन में पैक थे हाथ-पैर, बक्से के अंदर धड़ देखते ही कांप गई पुलिस
रविवार को अचानक परिवार को सूचना मिली कि दीपिका की तबीयत बिगड़ गई है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो बेटी की मौत हो चुकी थी। परिवार का आरोप है कि दीपिका के शरीर पर कई चोटों के निशान थे और ससुराल वाले उसे अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। इसी वजह से मायके वालों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है।
पति और ससुर पुलिस गिरफ्त में
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और परिवार के बयान भी खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर साल ऐसे मामलों में कई बेटियां अपनी जान गंवा देती हैं, लेकिन इसके बावजूद समाज में यह कुप्रथा खत्म होने का नाम नहीं ले रही।