पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा कस्बे के पड़ाव मैदान में स्थित रानी साड़ी सेंटर में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा सारा कपड़ा व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदार विंध्याचल मद्धेशिया को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पढ़ें :- Breaking News : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और मुकुंदानंद पर POCSO Act के तहत FIR दर्ज, शंकराचार्य, बोले- शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी है 'हिस्ट्रीशीटर'
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे दुकान से धुआं निकलता दिखा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कपड़ों में आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आस-पास की दुकानों तक खतरा पहुंचने लगा और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलवाया। स्थानीय लोग भी बाल्टी और पाइपों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान के अंदर रखा संपूर्ण माल – साड़ियाँ, सूती व सिल्क कपड़े, फर्नीचर आदि – जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है।
फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।