डिजिटल डेस्क, पर्दाफाश। स्मार्टफोन कंपनी OnePlus को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स और लीक के मुताबिक, कंपनी दुनिया के कुछ बड़े बाजारों में अपना कारोबार सीमित या बंद करने की तैयारी कर सकती है। यह खबर ऐसे समय में आई है जब हाल ही में रॉबिन लियू ने वनप्लस इंडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे इन अटकलों को और ज्यादा हवा मिल गई है।
पढ़ें :- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इमिग्रेशन, वीज़ा, विदेशियों का पंजीकरण और ट्रैकिंग योजना की अवधी बढ़ाई, मिला 1800 करोड़ का बजट
कुछ देशों में बंद हो सकती है OnePlus
बताया जा रहा है कि यूरोप, यूके और अमेरिका जैसे बाजारों में कंपनी अपने ऑपरेशन्स को बंद या कम कर सकती है। हालांकि, चीन और भारत में कंपनी का फोकस बरकरार रहेगा। खासतौर पर भारत में वनप्लस अब बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन्स पर ज्यादा ध्यान देने की रणनीति अपना सकती है। टिपस्टर योगेश बरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया था कि यह शटडाउन अप्रैल 2026 से शुरू हो सकता है। हालांकि, उनकी पोस्ट बाद में हटा दी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने कुछ कर्मचारियों को पहले ही इस बारे में जानकारी दे दी है और कुछ को मुआवजा पैकेज भी दिया जा चुका है।
वनप्लस इंडिया के सीईओ रॉबिन लियू का इस्तीफा
इसी बीच, वनप्लस इंडिया के सीईओ रॉबिन लियू का इस्तीफा भी चर्चा में है। कंपनी के मुताबिक, वह अपने निजी लक्ष्यों पर ध्यान देने के लिए पद छोड़ रहे हैं। उनका कार्यकाल 31 मार्च तक बताया जा रहा है और वह पहले ही चीन लौट चुके हैं। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि भारत में उसका बिजनेस सामान्य रूप से चलता रहेगा और स्थानीय रणनीति के तहत काम जारी रहेगा।
पढ़ें :- RCB vs SRH मैच के टिकट मिनटों में बिके तो भड़के फैंस, गड़बड़ी का लगाया आरोप
वनप्लस भारत में अपने विस्तार को लेकर आशावादी नजर आ रही है
प्रोडक्ट लाइनअप की बात करें तो वनप्लस ने हाल ही में OnePlus 15, OnePlus 15R और OnePlus Pad Go 2 लॉन्च किए थे। लेकिन अब खबरें हैं कि कंपनी अपने कुछ अपकमिंग डिवाइसेज जैसे OnePlus Open 2 और OnePlus 15s के लॉन्च प्लान को रद्द कर सकती है। कंपनी की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों के कारण वनप्लस के मार्केट शेयर में गिरावट देखने को मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में कंपनी की शिपमेंट में भारी कमी दर्ज की गई है।
इन सबके बावजूद, वनप्लस भारत में अपने विस्तार को लेकर आशावादी नजर आ रही है। कंपनी जल्द ही OnePlus Nord 6 लॉन्च करने जा रही है, जो मिड-रेंज सेगमेंट में उसकी पकड़ को मजबूत करने की कोशिश होगी। कुल मिलाकर, ग्लोबल स्तर पर अनिश्चितता के बीच वनप्लस की नजर अब भारत जैसे बड़े बाजार पर टिकी हुई है, जहां मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में अभी भी उसके लिए बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं।