Kuldeep Yadav’s Wedding : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की विजेता भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव के परिवार की खुशियां दोगुनी होने जा रही है। कुलदीप 14 मार्च 2026 को जीवन की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह अपनी मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेने वाले हैं। भारतीय क्रिकेटर की शादी समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इस समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई जानी-मानी हस्तियों को न्योता भेजा गया है।
पढ़ें :- IND vs NZ Final : भारत के दो अनमोल रत्न टी20 वर्ल्ड कप में साबित हुए खोटे सिक्के! क्या फाइनल में बैठेंगे बाहर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुलदीप यादव और वंशिका का शादी समारोह मसूरी स्थित रिजार्ट में संपन्न होगा। 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में होंगी और 14 मार्च को विवाह संपन्न होगा। इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ के सेंट्रम होटल में भव्य रिसेप्शन पार्टी होगी। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप की शादी में भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ियों, फिल्म और राजनीतिक जगत की हस्तियों शामिल होने की संभावना है। कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने लखनऊ स्थित सीएम ऑफिस पहुंचकर सीएम योगी आदित्यनाथ को शादी का इनविटेशन कार्ड सौंपा है।
बचपन से कुलदीप-वंशिका की रही है जान-पहचान
कुलदीप यादव की तरह वंशिका भी मूल रूप से कानपुर की रहने वाली हैं और दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं। बताया जाता है कि कुलदीप और वंशिका की दोस्ती सालों पहले शुरू हुई थी और ये दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हो गई। कानपुर के श्याम नगर इलाके में जन्मी वंशिका स्कूलिंग के बाद आगे की पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गईं। उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं, जबकि कुलदीप की होने वाली दुल्हन इस समय ऑस्ट्रेलिया में जॉब करती हैं।
बता दें कि कुलदीप और वंशिका की 4 जून 2025 को लखनऊ के एक निजी होटल में सगाई हुई थी। इस समारोह में उनके करीबी परिवार और क्रिकेटर रिंकू सिंह सहित कुछ करीबी लोग ही शामिल हुए थे। जिसके बाद पिछले साल नवंबर में दोनों की शादी होनी थी लेकिन भारतीय टीम के शेड्यूल और टी-20 वर्ल्ड कप में कुलदीप का चयन होने के कारण तारीख आगे बढ़ाई गई।