Trump warning: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए मध्य-पूर्व में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि, यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से तेल जहाजों की नाकाबंदी तुरंत नहीं हटाई, तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों (Power Plants) पर भीषण हमले करेगा। व्हाइट हाउस से जारी एक कड़े संदेश में ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे की समयसीमा दी है।
पढ़ें :- PM मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को किया धन्यवाद, बोले- ट्रेड डील फ्रेमवर्क हमारे बीच निवेश, टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और गहरा करेगा
उन्होंने सोशल मीडिया और आधिकारिक ब्रीफिंग में कहा, “ईरान को होर्मुज की बाधाओं को पूरी तरह से खोलना होगा। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो हम उनके बिजली ग्रिड को पूरी तरह नष्ट (Obliterate) कर देंगे, जिसकी शुरुआत उनके सबसे बड़े संयंत्र से होगी।”
यह संकट तब शुरू हुआ जब ईरान ने वैश्विक तेल आपूर्ति के सबसे महत्वपूर्ण मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को बाधित करना शुरू कर दिया। दुनिया का लगभग 20% कच्चा तेल इसी रास्ते से गुजरता है। ईरान की इस कार्रवाई से वैश्विक ऊर्जा बाजार में हड़कंप मच गया है और तेल की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। ट्रंप की इस धमकी पर ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाया है। ईरानी सैन्य कमांडरों ने बयान जारी कर कहा है कि यदि उनके ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर कोई भी हमला होता है, तो वे इसका “भयानक” बदला लेंगे। ईरान ने संकेत दिया है कि वह अमेरिका के क्षेत्रीय सहयोगियों (जैसे इजरायल और खाड़ी देशों) के तेल और बिजली केंद्रों को निशाना बना सकता है।
रिपोर्ट-सुशील कुमार साह