कपूरथला : पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए हंगामे के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए कैंपस और आसपास के इलाके में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
पढ़ें :- 1.33 करोड़ रुपये का चेक देकर शूटर इलावेनिल को गुजरात सरकार ने किया सम्मानित, एशियन गेम्स में जीता है डबल सिल्वर
इधर पंजाब महिला आयोग ने पूरे मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए कपूरथला जिला प्रशासन और पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने एफआईआर की प्रति विशेष जांच दल (SIT) की प्रगति रिपोर्ट और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तलब की है। खासतौर पर गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट, DGP पहुंचे कैंपस
घटना के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष और तेज जांच के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव स्वयं विश्वविद्यालय पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि स्थिति संभालने के दौरान न्यूनतम बल का इस्तेमाल किया गया और छात्रों से बातचीत के जरिए माहौल सामान्य करने की कोशिश की गई। मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल गठित किया गया है। पुलिस के मुताबिक छात्रों की मांग के आधार पर संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और अब सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
10 दिन बंद रहेगा विश्वविद्यालय, परीक्षाएं भी स्थगित
पढ़ें :- चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, राजस्थान समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन
हंगामे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अगले 10 दिनों तक कैंपस बंद रखने का फैसला लिया है। छात्रों को घर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जिन विद्यार्थियों को जाना है उनके अभिभावकों से संपर्क करने को कहा गया है।
इसके साथ ही मिड-टर्म परीक्षाएं भी फिलहाल रद्द कर दी गई हैं। दूसरी ओर रविवार को विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा जिसे देर रात सामान्य कराया गया। घटना के दौरान कैंपस और आसपास के क्षेत्रों में तोड़फोड़ की खबरें भी सामने आईं। कुछ जगहों पर दुकानों और मॉल में अव्यवस्था की स्थिति बनी, जबकि गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। पुलिस इन सभी घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है।
वायरल संदेश के बाद बढ़ा विवाद
विश्वविद्यालय में एक छात्रा से दुष्कर्म से जुड़ा संदेश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शनिवार रात से तनाव बढ़ना शुरू हुआ था। इसके बाद प्रदर्शन उग्र हो गया और पुलिस व छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। इसी बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि हंगामे के दौरान बाहरी तत्व भी कैंपस में दाखिल हुए थे। उन्होंने पुलिस से पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की मांग की है। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। जांच एजेंसियां अब घटना की वजह, वायरल संदेश और हिंसा के पूरे क्रम की पड़ताल कर रही हैं।