डिजिटल, पर्दाफाश। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोना तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। शारजाह से पहुंचे एक यात्री के पास से 70.81 लाख रुपये का सोना बरामद किया गया। सोना पेस्ट के रूप में छिपाकर लाया गया था। अधिकारियों को यात्री की चाल देखकर शक हुआ, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई।
पढ़ें :- अलीगढ़ में BJP के 3 नेताओं पर महिला से गैंगरैप और मारपीट का आरोप, गिरफ्तारी न होने पर उठे सवाल
आरोपी की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी केदार महतो के रूप में हुई है। कस्टम अधिकारियों ने उसके पास से 472.100 ग्राम सोना बरामद कर जब्त कर लिया। मामले में यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अंडरवियर की कमर वाली पट्टी में छिपा रखा था सोना
जानकारी के मुताबिक बुधवार को शारजाह से फ्लाइट संख्या 6E-1424 लखनऊ पहुंची थी। यात्रियों की निगरानी के दौरान कस्टम अधिकारियों ने केदार महतो को लंगड़ाकर चलते देखा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। इस दौरान वह घबराया हुआ नजर आया और सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया।
इसके बाद जब उसकी तलाशी ली गई, तो अंडरवियर की कमर वाली पट्टी के भीतर प्लास्टिक के पैकेट में रखा सोने का पेस्ट मिला। अधिकारियों के मुताबिक पैकेट को इस तरह रखा गया था कि सामान्य जांच में आसानी से नजर न आए।
पढ़ें :- सरपंच के घर खड़ी बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने उगले 1.29 करोड़ रुपये, गुप्त ठिकानों में छिपी थी नकदी
70 लाख 81 हजार 500 रुपये आंकी गई कीमत
कस्टम अधिकारियों ने बरामद सोने का वजन 472.100 ग्राम बताया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 70,81,500 रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने सोना जब्त कर लिया है और मामले में सीमा शुल्क कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
किसके लिए लाया गया था सोना, जांच में जुटे अधिकारी
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि केदार महतो सोना कहां से लेकर आया था और लखनऊ में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं। फिलहाल पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।