Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में जेन-अल्फा का फूटा गुस्सा, शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरीं 250 छात्राएं

लखनऊ में जेन-अल्फा का फूटा गुस्सा, शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरीं 250 छात्राएं

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ: सोमवार सुबह उस वक्त हंगामा मच गया जब शिक्षकों की कमी से परेशान करीब 250 छात्राएं बारिश के बीच सड़क पर उतर आईं। मोहान रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 2 से 3 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।

पढ़ें :- Video- ग्रामीणों ने रोका पर नहीं माने... बरेली में नदी के तेज बहाव से बाइक समेत बहे तीन युवक, अभी भी तलाश जारी

सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चार थानों और चौकियों से पुलिस बल बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं।

दो घंटे समझाने के बाद भी नहीं मानीं, DM आवास की ओर बढ़ीं छात्राएं

करीब दो घंटे तक बातचीत के बाद भी जब छात्राएं पीछे नहीं हटीं, तो उन्होंने खुद ही DM से मिलने का फैसला कर लिया। इसके बाद छात्राएं हजरतगंज स्थित DM आवास की तरफ निकल पड़ीं। लखनऊ-हरदोई हाईवे पर छात्राओं को आगे बढ़ता देख पुलिसकर्मी भी उनके पीछे दौड़ते नजर आए।

छात्राएं मोहान रोड से करीब 8 किलोमीटर दूर बालागंज चौराहे तक पहुंच गईं। यहां एसीपी काकोरी शकील अहमद और एडीसीपी धनंजय ने उन्हें रोककर बातचीत की। अधिकारियों ने छात्राओं से उनकी समस्याएं सुनीं और मौके से ही समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की।

पढ़ें :- स्वच्छ हवा में लखनऊ नंबर-1, इंदौर को छोड़ा पीछे: नगर निगम को मिला 1.50 करोड़ का पुरस्कार

फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के शिक्षक नहीं

छात्राओं का आरोप है कि उनके स्कूल में लंबे समय से विषयवार शिक्षकों की कमी बनी हुई है। खास तौर पर फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के शिक्षक नहीं हैं। छात्राओं के मुताबिक, वे करीब एक साल से लगातार इस समस्या की शिकायत कर रही हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।

शिक्षकों की कमी का सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है। छात्राओं का कहना है कि स्कूल में इंटरनेट की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प भी उनके लिए कारगर नहीं है। इसी साल कई छात्राओं की बोर्ड परीक्षाएं भी होनी हैं, ऐसे में पढ़ाई को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद लौटीं छात्राएं

बालागंज चौराहे पर अधिकारियों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि समाज कल्याण विभाग के अधिकारी विद्यालय पहुंचकर उनसे सीधे बातचीत करेंगे। एसीपी काकोरी ने भी बताया कि विभागीय अधिकारियों से बात हो चुकी है और छात्राओं की समस्या का समाधान सोमवार को ही कराने का प्रयास किया जाएगा।

आश्वासन मिलने के बाद छात्राएं वापस अपने स्कूल लौट गईं। पुलिस ने सभी छात्राओं को विद्यालय परिसर के अंदर पहुंचाया और गेट बंद कर दिया।

इसके बाद समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव, सचिव एवं निदेशक संजीव सिंह और सरोजनीनगर एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रही इन छात्राओं की समस्या का समाधान कितनी जल्दी होता है।

पढ़ें :- अंतिम संस्कार में गए दो वकीलों की छज्जा गिरने से मौत, गोरखपुर में सीएमओ, जेई और ठेकेदार पर FIR दर्ज
Advertisement