प्रयागराज। प्रयागराज में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे बड़ा हादसा हो गया, जब फाफामऊ इलाके में एक कोल्ड स्टोरेज की बिल्डिंग अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे करीब 20 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्टस् के मुताबिक, अब तक 9 लोगों के शव मलवे से बाहर निकाला जा चुका है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। राहत और बचाव कार्य के लिए 5 जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। वहीं SDRF और NDRF की टीमों को भी बुलाया गया है, जो तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
पढ़ें :- पंजाब में बड़ा एक्शन: पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार, अधिकारी की मौत से मचा सियासी तूफान
हादसे के साथ ही इलाके में करीब 1 किलोमीटर तक अमोनिया गैस का रिसाव हो गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। गैस की तेज बदबू के कारण आसपास के लोग मुंह पर कपड़ा या गमछा बांधकर खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिल्डिंग गिरने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बिल्डिंग अचानक ढह गई। जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह अमोनिया गैस की पाइप फटना बताई जा रही है। पाइप फटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। मौजूद लोगों का कहना है, हादसे के वक्त अंदर 20 लोग मौजूद थे, जिसमें से कई लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अंसार अहमद का है। करीब 60 एकड़ में फैले इस कोल्ड स्टोरेज में 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।