नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के मंडी जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सरकाघाट उपमंडल के मसेरन क्षेत्र में हिमाचल पथ परिवहन निगम (Himachal Road Transport Corporation) की बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। दुर्घटना में एक किशोर सहित सात लोगों की मौत हो गई जबकि 21 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में चार महिलाएं व एक किशोर और दो पुरुष हैं।
पढ़ें :- मुलायम सिंह यादव का सपना सैफई ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान, भाजपा ने पूरा किया : मुख्यमंत्री योगी
हादसे के बाद उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री (Deputy Chief Minister and Transport Minister Mukesh Agnihotri) भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री घायलों का हाल जाना और दुर्घटना के कारणों की भी अधिकारियों से जानकारी ली। बस सरकाघाट से जमनी जा रही थी। बस में 30 से अधिक लोग सवार थे। सुबह नौ बजे मसेरन के तांगरा मोड़ के पास हादसा हो गया। कार को पास देते समय चालक ने बस सड़क से थोड़ा बाहर निकाली और नियंत्रण खोकर सीधे 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
एम्स व आईजीएमसी भेजे गंभीर घायल
घायलों को सिविल अस्पताल सरकाघाट से मेडिकल कालेज नेरचौक मंडी (Medical College Nerchowk Mandi) और मेडिकल कालेज हमीरपुर (Medical College Hamirpur) के लिए रेफर किया गया है। बताया जा रहा है घायलों में जिला मंडी सहित हमीरपुर के लोग भी हैं। घायल बस चालक को नेरचौक मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। इसके अलावा गंभीर घायल एम्स बिलासपुर व आइजीएमसी शिमला भी रेफर किए गए हैं।
तीखे मोड़ पर नियंत्रण खो दिया चालक
पढ़ें :- PM मोदी ने जारी किया एक और वीडियो: परीक्षा सुधारों को लेकर किया बड़ा एलान, नंदन नीलेकणि के नेतृत्व में टास्क फोर्स का गठन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मसेरन से सरकाघाट की ओर आ रही थी और जैसे ही वह एक तीखे मोड़ पर पहुंची, चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस सीधी नीचे खाई में लुढ़क गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।
सिविल अस्पताल सरकाघाट में दिया प्रारंभिक उपचार
एंबुलेंस सेवाएं भी तुरंत सक्रिय हो गईं, जिनमें 108 सेवा की कई गाड़ियां शामिल थीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल सरकाघाट लाया गया है। प्रारंभिक उपचार के बाद घायलों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जांच के बाद ही पता चल पाएगा हादसे का कारण
एसडीएम सरकाघाट और डीएसपी सरकाघाट ने घटनास्थल का दौरा किया और हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया व जरूरी निर्देश दिए। हादसे का कारण क्या रहा है, इसकी अधिकारी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में डंगा बैठने से हादसा होने का अंदेशा है। सरकाघाट के मसेरन में चालक कार को पास देते वक्त गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खाई जा गिरी। इसदौरान बताया जा रहा है कि सड़क किनारे लगा डंगा बैठ गया था, यह सब बातें प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगी। हादसा काफी खतरनाक रहा व बस में सवार सभी लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से 7 की मौत हो गई है।
पढ़ें :- West Asia Crisis : ईरानी मीडिया का दावा- होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराने के बाद तेल टैंकर में धमाका
रिपोर्ट : सतीश सिंह