Mhow Violence: मध्य-प्रदेश के महू में रविवार देर रात टीम इंडिया की चैंपियन्स ट्रॉफी में जीत के जश्न के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई और पत्थरबाजी हुई। साथ उपद्रवियों ने कई गाड़ियों में जमकर तोड़-फोड़ की और घरों व दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। इस बीच मध्य-प्रदेश के मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पढ़ें :- मध्य प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी, नर्मदापुरम का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
महू की घटना को लेकर मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को मीडिया से कहा, ‘”जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी, कानून अपना काम करेगा। कृपया निश्चिंत रहें।” महू की घटना पर पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक सचिन यादव का कहना है, “मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सरकार को प्रदेश में कानून व्यवस्था को बहाल करने के लिए तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार को गंभीरता से चर्चा कर इस बात पर विचार करने की जरूरत है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।”
इस घटना पर यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना है, “ऐसी गतिविधियां बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। भारत में रहकर इस तरह की देश विरोधी हरकतें करना बेहद दुखद है। स्थानीय सरकार को इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।” भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और मध्य प्रदेश सरकार इस पर संज्ञान लेगी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में कुछ लोग नहीं चाहते कि भारत जीते। इन लोगों को दंडित किया जाना चाहिए।”