Nepal Flood Tragedy : नेपाल में अचानक आयी बाढ़ ने सैकड़ों परिवारों की दुनिया उजाड़ दी है। इस आपदा में मरने वालों की संख्या अब 750 का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि 3000 से ज्यादा लोग अभी लापता हैं। बचाव दल शवों को खोजने और लोगों की मदद में जुटे हैं। इस बीच, दुनियाभर से बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद आ रही है। जिसमें साउथ कोरियन पॉप स्टार ली नो ने भी अपना हाथ आगे बढ़ाया है।
पढ़ें :- नेपाल में फिर बाढ़ आने की चेतावनी, अब तक आपदा में मारे गए 724 लोगों के शव बरामद
साउथ कोरियन बॉय बैंड स्ट्रे किड्स (Stray Kids) के सदस्य ली नो (Lee Know) की एजेंसी JYP एंटरटेनमेंट ने बताया कि उन्होंने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित बच्चों और परिवारों की मदद के लिए 10 करोड़ वॉन ($72,600) दान किए हैं। ली नो ने शुक्रवार को ‘वर्ल्ड विज़न’ (World Vision) नाम की मानवीय संस्था को यह दान दिया और कहा कि इसका इस्तेमाल उन परिवारों को आपातकालीन राहत और मदद पहुँचाने के लिए किया जाए, जिनके घर और रोज़गार नेपाल में आई बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
रविवार को JYP एंटरटेनमेंट की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ में ली नो ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि मेरी मदद से उन लोगों को थोड़ी हिम्मत मिलेगी जो इस मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं दिल से कामना करता हूँ कि बाढ़ से प्रभावित लोग और राहत कार्यों में जुटे सभी लोग जल्द से जल्द अपनी सामान्य और शांतिपूर्ण ज़िंदगी में लौट सकें।”